MS Dhoni को लगा बड़ा झटका, सुप्रीम कोर्ट ने भेजा नोटिस; जानें क्या है पूरा मामला
पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है।
नई दिल्ली, 25 जुलाई: पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। उच्चतम न्यायालय ने धोनी का नोटिस भेजा है। मामला आम्रपाली ग्रुप से जुड़ा हुआ है। सर्वोच्च अदालत ने धोनी की याचिका पर आम्रपाली समूह के खिलाफ दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा शुरू की गई मध्यस्थता की कार्यवाही पर रोक लगा दी। दरअसल आम्रपाली ग्रुप और माही के बीच लेनदेन को लेकर एक मामला चल रहा था। इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई।

ग्रुप पर धोनी का 150 करोड़ बकाया
पूर्व भारतीय कप्तान को आम्रपाली ग्रुप की तरफ से 150 करोड़ रुपये का बकाया लेना है, दूसरी ओर ग्रुप के ग्राहकों को उनके फ्लैट्स नहीं मिल रहे हैं ऐसे में यह मामला सुप्रीम कोर्ट में पहुंच गया। माही ने दिल्ली हाईकोर्ट में अर्जी देकर बताया था कि आम्रपाली ने उनकी फीस नहीं दी है और इस मामले पर मध्यस्थता की मांग की थी। इस पर हाईकोर्ट ने एक कमेटी का गठन भी कर दिया था। अब सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में धोनी को नोटिस दिया है।

ग्रुप के पास फंड की कमी
दरअसल महेंद्र सिंह धोनी की दिल्ली हाईकोर्ट में दी गई अर्जी के बाद आम्रपाली ग्रुप सुप्रीम कोर्ट चला गया। उसी मामले में सुप्रीम कोर्ट ने धोनी को नोटिस थमाया है। वहीं मध्यस्थता की कार्यवाही पर भी रोक लगा दी गई है। सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान पीड़ितों की ओर से यह कहा गया है कि आम्रपाली ग्रुप के पास फंड की कमी है, इसलिए उनके द्वारा बुक करवाए हुए फ्लैट नहीं मिल पा रहे हैं। पीड़ित पक्ष का कहना था कि फंड की कमी से जूझ रहा ग्रुप अगर पूर्व भारतीय क्रिकेटर के बकाया पैसे चुकाएगा तो उन्हें फ्लैट नहीं मिल पाएंगे। बता दें कि धोनी आम्रपाली ग्रुप के ब्रांड एंबेसडर थे। ग्रुप पर उनके 150 करोड़ रुपये बकाया हैं। साल 2016 में उन्होंने खुद को ग्रुप से अलग कर लिया था।

धोनी का इंटरनेशनल करियर
बात करें अगर महेंद्र सिंह धोनी के इंटरनेशनल करियर की तो उन्होंने 90 टेस्ट की 144 पारियों में 38.09 की औसत और 59.11 के स्ट्राइक रेट से 4876 रन बनाए हैं। धोनी ने टेस्ट में 33 अर्धशतक और 6 शतक जड़े हैं। 350 वनडे में धोनी ने 50.57 की औसत और 87.56 के स्ट्राइक रेट से 10773 रन बनाए हैं। उन्होंने एकदिवसीय में 73 अर्धशतक और 10 शतक जड़े हैं। वहीं 98 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में माही ने 37.60 की औसत और 126.13 के स्ट्राइक रेट से 1617 बनाए जड़े हैं। धोनी ने टी20 में दो अर्धशतक भी लगाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications