'अपने खेल को संभालों, हमारे क्रिकेट में दखल मत दो', IPL के आलोचकों पर बरसे गावस्कर
नई दिल्ली, 6 अगस्त: आईपीएल दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग है, इसमें कोई शक नहीं है। इसकी ताकत ने विश्व क्रिकेट को प्रभावित किया है और दुनिया भर के क्रिकेट खिलाड़ियों को लुभाया है। आईपीएल में बहने वाला मोटा पैसा इस लीग की सबसे बड़ी ताकत है। यह बताता है भारत में क्रिकेट का बाजार अभी कितना बड़ा है। आईपीएल की सफलता की देखा देखी बाकी क्रिकेट देश भी अपनी लीग लेकर आए हैं और कहने की बात नहीं कि अधिकांश क्रिकेट बोर्ड आईपीएल का एकछत्र राज देखकर बहुत खुश भी नहीं रहते हैं।

भारतीय क्रिकेट में हस्तक्षेप न करें
इस पर भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया को फटकार लगाई है जिन्होंने कहा था कि आईपीएल क्रिकेट कैलेंडर को बाधित करती है। पूर्व महान खिलाड़ी ने माना कि दोनों पावरहाउस को पहले अपने-अपने देशों की स्थिति को देखना चाहिए और उन्हें सलाह दी कि वे भारतीय क्रिकेट में "हस्तक्षेप" न करें।
भारतीय दिग्गज का बयान पूर्व ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर-बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट द्वारा कही गई बात के मद्देनजर आया है, जिन्होंने दुनिया में आईपीएल के बढ़ते प्रभाव पर अफसोस जताया था। गिलक्रिस्ट ने कैश-रिच लीग के दुनिया भर में हो रहे विस्तार को "थोड़ा खतरनाक" करार दिया था, क्योंकि वह आईपीएल के बढ़ते एकाधिकार से चिंतित थे।

'पुरानी ताकतों' को सलाह दी
गावस्कर इस तरह की प्रतिक्रिया से चकित थे क्योंकि उन्होंने आईपीएल द्वारा दक्षिण अफ्रीकी टी 20 लीग और यूएई टी 20 लीग में अपना विस्तार करने के बाद रोना पीटना शुरू कर रखा है।
गावस्कर ने स्पोर्टस्टार के लिए अपने कॉलम में लिखा, "यह पढ़ना मनोरंजक है कि इंडियन प्रीमियर लीग को एक बार फिर अन्य अंतरराष्ट्रीय टीमों के क्रिकेटिंग कैलेंडर में छेड़खानी के रूप में देखा जाता है। जैसे ही दक्षिण अफ्रीकी टी20 लीग और यूएई टी20 लीग के बारे में खबर सामने आई, 'पुरानी शक्तियां' ने चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया। ठीक है आप अपने क्रिकेट हितों की देखभाल करें लेकिन कृपया हमारे बीच हस्तक्षेप न करें और ना हमें बताएं कि क्या करना है।"

IPL के विस्तार से बिलबिला रहे हैं कुछ पूर्व खिलाड़ी
पूर्व भारतीय कप्तान ने तर्क दिया कि बिग बैश लीग को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से फ्री अपनी विंडो मिली है, ऑस्ट्रेलियाई और अंग्रेजी बोर्ड अपने कुछ स्टार खिलाड़ियों को दक्षिण अफ्रीकी और संयुक्त अरब अमीरात की ILT20 लीग में खोने से सावधान हैं, जो लगभग एक ही समय में शुरू होती हैं और खिलाड़ियों को कहीं अधिक लुभावनी डील दे रही हैं।
गावस्कर ने कहा, "ऑस्ट्रेलियाई लोगों ने भी बिग बैश उसी हिसाब से निर्धारित किया है जब उनके अनुबंधित खिलाड़ी खेलने के लिए उपलब्ध होंगे। लेकिन यह उनके लिए चिंता का विषय है कि संयुक्त अरब अमीरात और दक्षिण अफ्रीकी टी20 लीग एक ही समय के आसपास निर्धारित हैं, और उनके कुछ खिलाड़ियों के बिग बैश के बजाय वहां खेलने का खतरा है।"












Click it and Unblock the Notifications