सुनील गावस्कर बोले- वह अपनी गलतियों से सीख ही नहीं रहा है, ऐसा कब तक चलेगा
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज 2-2 की बराबरी के साथ अब अपने निर्णायक मोड़ पर आ पहुंची है।

नई दिल्ली: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज 2-2 की बराबरी के साथ अब अपने निर्णायक मोड़ पर आ पहुंची है। दोनों टीमों के बीच सीरीज का चौथा मुकाबला राजकोट में खेला गया था, जिसे टीम इंडिया ने 82 रन से जीतकर अपने नाम किया। आखिरी मैच रविवार, 19 जून को बैंगलोर के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। पहले दो मैचों में मिली हार के बाद भले ही टीम इंडिया ने शानदार वापसी की हो, लेकिन कप्तान ऋषभ पंत (Rishabh Pant) का प्रदर्शन और उनकी खराब फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई है। राजकोट में भी ऋषभ 23 गेंदों में केवल 17 रन बनाकर आउट हो गए। पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर (Sunil Gavaskar) ने भी पंत की खराब फॉर्म पर सवाल खड़े किए हैं।

गलती से नहीं सीख रहे पंत
सुनील गावस्कर का कहना है कि मौजूदा सीरीज में लगातार ऑफ स्टंप के बाहर जाती गेंदों के खिलाफ ऋषभ पंत का आउट होने चिंता का विषय है। स्टार स्पोर्ट्स पर कमेंट्री के दौरान उन्होंने कहा, ''उन्होंने सीखा नहीं है। पिछले 3 मैचों में भी अपने विकेट से पंत ने सबक नहीं लिया है। वे बाहर गेंद डाल रहे हैं और वह लगातार इस जाल में फंस रहे हैं। उन्हें इन गेंदों पर हवाई शॉट खेलने से बचना होगा। साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों उनके खिलाफ खास रणनीति बनाई है। ऑफ स्टंप से बाहर गेंद डालो और ऋषभ का विकेट लो।''

बतौर भारतीय कप्तान ये अच्छा नहीं
गावस्कर ने आगे कहा, ''इस साल टी20 मैचों में वह 10 बार ऐसे ही आउट हुए हैं। अगर वह गेंद से छेड़खानी नहीं करते तो उनमें से कुछ गेंदें वाइड होती। गेंद काफी बाहर होने से उसे अतिरिक्त जोर भी लगाना पड़ता है। भारतीय कप्तान का एक सीरीज में लगातार एक तरीके से ही आउट होना अच्छे संकेत नहीं है।'' बता दें कि, इस सीरीज के 4 मैचों में ऋषभ पंत ने 14.25 की बहुत ही खराब औसत के साथ कुल 57 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट भी केवल 105.56 का रहा।

IPL में भी नहीं चले थे ऋषभ
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 15वें सीजन में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करते हुए पंत बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके थे। 14 मैचों में उनके बल्ले से केवल 31 की औसत से 340 रन देखने को मिले। 13 पारियों में ऋषभ ने एक भी अर्धशतक नहीं लगाया। टीम भी प्लेऑफ का टिकट नहीं कटा सकी और प्वॉइंट्स टेबल में पांचवें पायदान पर रही।












Click it and Unblock the Notifications