उमरान मलिक की स्पीड का बैटर कैसे करें सामना, सुनील गावस्कर ने बताया खेलने का तरीका
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन में 10 टीमों के हिस्सा लेने के साथ ही फैन्स को कई सारी चीजें पहली बार देखने को मिल रही है। आईपीएल को युवा खिलाड़ियों के लिये अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच माना जाता रहा है और 15वें सीजन के दौरान कई युवा खिलाड़ियों ने अपने खेल से दुनिया भर के दिग्गजों को प्रभावित किया है। इन युवा खिलाड़ियों में कई भारतीय अनकैप्ड प्लेयर्स भी शामिल हैं, जिन्होंने न सिर्फ अपने खेल से दिग्गजों को प्रभावित किया है बल्कि अपनी टीम के लिये मैच विनर भी साबित हुए हैं। इन प्लेयर्स में एक नाम जम्मू कश्मीर से आने वाले उमरान मलिक का है, जिन्होंने पिछले सीजन अपनी गति से सभी को चौंका दिया था तो वहीं पर इस सीजन उनकी गति का सामना करने से ज्यादातर बल्लेबाज कतरा रहे हैं।
Recommended Video

यही वजह है कि उमरान मलिक ने आईपीएल 2022 के 9 मैचों में 15 विकेट अपने नाम कर लिये हैं और सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले तेज गेंदबाजों की लिस्ट में दूसरे पायदान पर काबिज हैं। इस लिस्ट में उन्ही की टीम के साथी टी नटराजन (17 विकेट) पहले पायदान पर काबिज हैं। उमरान ने इस सीजन अपनी गति के साथ-साथ लाइन और लेंथ से भी प्रभावित किया है जिसके चलते ज्यादातर बल्लेबाजों के पास उनकी गेंदबाजी का जवाब नहीं है।

गुजरात के खिलाफ उमरान ने झटके थे 5 विकेट
हालांकि चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेले गये आखिरी मैच में उमरान मलिक एक भी विकेट हासिल कर पाने में नाकाम रहे, लेकिन गुजरात टाइटंस के खिलाफ पिछले हफ्ते किये गये उनके प्रदर्शन ने सभी को हिला कर रख दिया है। गुजरात के खिलाफ उमरान मलिक ने अपने आईपीएल करियर का पहला 5 विकेट हॉल चटकाया था। इस बीच भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने भी उमरान मलिक की गेंदबाजी की जमकर तारीफ की है और बल्लेबाजों को उनकी स्पीड का सामना करने का तरीका भी बताया है।

गावस्कर ने बताया उमरान से बचने का तरीका
आईपीएल के आधिकारिक प्रसारणकर्ता स्टार स्पोर्टस पर बात करते हुए सुनील गावस्कर ने कहा,'उमरान मलिक को खेलने का सबसे अच्छा तरीका है कि आप उनके खिलाफ एक रन लें और नॉन स्ट्राइकर एंड पर चले जायें।' मलिक को खेलने की बातचीत यहीं पर समाप्त नहीं हुई, गावस्कर ने उनका सामना करने का एक और तरीका बताते हुए कहा,' आपको उमरान मलिक के सामने अपने स्टंप्स को ढक कर रखना होगा। आप अपने तीनों स्टंप्स को कवर कर के रखें, ताकि जब वो गेंदबाजी करने के लिये आगे भागें तो उन्हें यह न पता चले कि आपका ऑफ स्टंप कहां पर है और लेग स्टंप कहां पर।'

उमरान ने तोड़ा फर्ग्यूसन का रिकॉर्ड
गौरतलब है कि मलिक ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 12 रन प्रति ओवर की गति से रन लुटाये, लेकिन इस दौरान उन्होंने आईपीएल 2022 की सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। उन्होंने 154 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंक कर लॉकी फर्ग्यूसन के नाम रहे रिकॉर्ड को तोड़ दिया। उमरान मलिक ने यह गति 10वें ओवर में हासिल की जिस पर ऋतुराज गायकवाड़ ने सामने की तरफ चौका लगाया जबकि इसी मैच के 19वें ओवर में वो दूसरी बार 154 पर पहुंचे, जिस पर सामने खड़े महेंद्र सिंह धोनी ने एक रन हासिल किया।












Click it and Unblock the Notifications