SRH vs KKR: उमरान-नटराजन के दम पर ढेर हुई कोलकाता, नितिश राणा के अर्धशतक ने बचाई लाज
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 25वां मैच ब्रॉबोर्न स्टेडियम पर कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से हो रहा है। सनराइजर्स हैदराबाद की टीम इस मैच में जीत की हैट्रिक लगाने की ओर देख रही है तो वहीं पर कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम जीत की पटरी पर वापस आने की कोशिश कर रही है। हालांकि टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद के लिये उमरान मलिक और टी नटराजन ने शानदार बॉलिंग की और केकेआर की टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोकने का काम किया।

केकेआर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए खराब शुरुआत की और नियमित अंतराल पर विकेट खोते रहे, हालांकि इसके बावजूद उसने नितिश राणा (54) की अर्धशतकीय पारी और आंद्रे रसेल (49) के तेज तर्रार पारी के दम पर सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। केकेआर की टीम ने निर्धारित 20 ओवर्स में 8 विकेट खोकर 175 रन का स्कोर खड़ा किया।

नटराजन-येंसन ने दिलाई मजबूत शुरुआत
सनराइजर्स हैदराबाद की टीम के लिये टी नटराजन और मार्को येंसन ने अच्छी शुरुआत दिलाते हुए महज 31 रन के स्कोर पर 3 विकेट चटकाये, जिसके चलते केकेआर की टीम पावरप्ले में 3 विकेट खोकर सिर्फ 38 रन ही बना सकी। केकेआर की टीम ने पहले ओवर में 11 रन बटोरे लेकिन दूसरे ओवर में मार्को येंसन ने एरॉन फिंच (7) को पूरन के हाथों कैच कराकर पहली सफलता हासिल की। वहीं पर टी नटराजन पांचवे ओवर में गेंदबाजी करने आये जिन्होंने पहली ही गेंद पर वेंकटेश अय्यर (6) को बोल्ड मारा तो वहीं पर तीसरी गेंद पर सुनील नरेन (6) को शशांक सिंह के हाथों कैच कराकर वापस पवेलियन भेजा।

उमरान मलिक ने भी यॉर्कर से जीता दिला
केकेआर के लिये यहां पर श्रेयस अय्यर (28) ने यहां पर पारी को संभालने का काम किया लेकिन उमरान मलिक ने परफेक्ट यॉर्कर मारकर अय्यर को बोल्ड मारा और उन्हें बड़ी पारी खेलने से रोका। वहीं 15वें ओवर में उमरान मलिक फिर से गेंदबाजी करने आये तो पहले नितिश राणा ने उन्हें छक्का लगाकर स्वागत किया तो वहीं पर शेल्डन जैक्सन ने भी छक्का मारा, हालांकि उमरान मलिक ने अगली ही गेंद पर जैक्सन को नटराजन के हाथों कैच कराकर वापस पवेलियन भेज दिया। उमरान ने अपने 4 ओवर के स्पेल में महज 27 रन देकर 2 विकेट चटकाये और अपनी प्रतिभा का दम दिखाया।

नितिश राणा-रसेल के दम पर कोलकाता ने बचाई लाज
वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स के लिये नितिश राणा (54) ने 32 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया और 54 रनों की पारी खेलकर वापस पवेलियन लौटे। उनके साथ आंद्रे रसेल ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी की और 25 गेंदों में 4 चौके 4 छक्के के दम पर नाबाद 49 रनों की पारी खेलकर टीम के स्कोर को 175 पर पहुंचाया। सनराइजर्स हैदराबाद के लिये टी नटराजन (3 विकेट), उमरान मलिक (2 विकेट) और भुवनेश्वर कुमार (एक विकेट) ने शानदार गेंदबाजी की और बड़े स्कोर की तरफ देख रही केकेआर को 175 रन पर रोका।












Click it and Unblock the Notifications