'हमें बेसब्री से मुकाबले का इंतजार है', वानखेड़े में आरसीबी की भिड़ंत से पहले खलील अहमद ने भरी हुंकार
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन में एक बार फिर से फैन्स को शानदार शनिवार के तहत डबल हेडर मुकाबले देखने को मिलेंगे जिसमें कोलकाता नाइट राइडर्स को हराकर आ रही दिल्ली कैपिटल्स की टीम का सामना रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के साथ शाम के मैच में होगा। जहां केकेआर के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने अपने पिछले मैच में 44 रनों की अच्छी जीत हासिल की थी, तो वहीं पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम को चेन्नई सुपर किंग्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा, हालांकि खराब शुरुआत के बावजूद आरसीबी की टीम ने जितने रन बना लिये थे, उसे देखते हुए उसके आत्म-विश्वास पर कुछ खास असर नहीं पड़ा होगा।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली कैपिटल्स की टीम अब तक खेले गये 4 में से 2 मैचों में जीत और 2 में हार का सामना करना पड़ा है जबकि आरसीबी की टीम 5 में से 3 मैचों में जीत और 2 में हार कर पहुंच रही है। दोनों टीमों के बीच अगला मुकाबला वानखेड़े के मैदान पर शनिवार, 16 अप्रैल शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, जिसमें दिल्ली की टीम अपना शानदार फॉर्म जारी रखते हुए उसे जीतना चाहेगी।

वानखेड़े पर खेलने को लेकर उत्साहित हैं खलील
दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज खलील अहमद ने इस सीजन में पहली बार वानखेड़े स्टेडियम में खेलने को लेकर उत्साह व्यक्त किया है। खलील ने कहा, "वानखेड़े स्टेडियम में गेंद स्विंग होती है। इसलिए हम वहां खेलने को लेकर रोमांचित हैं। हम इस मैच को लेकर उत्साहित हैं और हमें उम्मीद है, हम वहां की कंडीशन का फायदा उठाकर गेंद को अच्छी तरह स्विंग कराकर विकेट ले सकते हैं।"

आरसीबी की चुनौती के लिये पूरी तरह से हैं तैयार
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर टीम के बारे में इस तेज गेंदबाज ने कहा, "रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर एक अच्छी टीम है और एक अच्छी टीम के खिलाफ खेलने में मजा आता है। इस टीम के पास अच्छे बल्लेबाज हैं और इसी कारण अगला मैच हमारे लिए चुनौतीपूर्ण होगा। लेकिन इस चुनौती का सामना करने को लेकर मैं उत्साहित हूं।"

ब्रेक से मिली तैयारियों में मदद
अहमद ने अगले मैच से पहले दिल्ली कैपिटल्स को मिले लंबे ब्रेक के बारे में भी बात की। खलील ने कहा, "हमारी तैयारी बहुत अच्छी चल रही है। हमें एक लंबा ब्रेक मिला। यह तेज गेंदबाजों के लिए अच्छा रहता है क्योंकि हमें आराम की जरूरत थी। पिछले कुछ दिनों में हमने स्विमिंग पूल और जिम में कुछ ट्रेनिंग सेशन में हिस्सा लिया।"












Click it and Unblock the Notifications