श्रीसंत ने कर दिया हरभजन सिंह को ब्लॉक, खुद सामने आकर किया दोस्ती खत्म करने का ऐलान, आखिर क्या है कारण
Sreesanth: भारतीय क्रिकेट के गलियारों में एक बार फिर 'स्लैपगेट' कांड की गूंज सुनाई दे रही है। साल 2008 में शुरू हुए इस विवाद को लोग अब तक सुलझा हुआ मान रहे थे, साल 2026 में एक बेहद कड़वे मोड़ पर पहुंच गया है। पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज एस. श्रीसंत ने दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे क्रिकेट जगत में खलबली मच गई है।
श्रीसंत का दावा है कि हरभजन सिंह ने उस ऐतिहासिक थप्पड़कांड की घटना का इस्तेमाल अपने आर्थिक लाभ के लिए किया है, जो उनके लिए पूरी तरह असहनीय है। इस ताजा विवाद की जड़ में एक नया टेलीविजन विज्ञापन है, जिसमें कथित तौर पर 2008 की उस अप्रिय घटना को मजाक के तौर पर दिखाया गया है।

श्रीसंत ने आरोप लगाया है कि हरभजन सिंह ने इस विज्ञापन के माध्यम से लगभग 80 लाख से 1 करोड़ रुपये की मोटी कमाई की है। श्रीसंत की नाराजगी तब और बढ़ गई जब हरभजन ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से फोन किया और इस विज्ञापन को अपने सोशल मीडिया पर प्रमोट करने के लिए कहा। श्रीसंत ने इसे केवल अपमानजनक ही नहीं, बल्कि अपने आत्मसम्मान पर चोट माना है।
अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए श्रीसंत ने मलयाली न्यूज आउटलेट मातृभूमि से एक इंटरव्यू में स्पष्ट किया कि उन्होंने अब हरभजन सिंह के साथ सभी संबंध तोड़ लिए हैं। उन्होंने हरभजन को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से ब्लॉक कर दिया है और कहा है कि वह अब उनके साथ किसी भी तरह का रिश्ता नहीं रखना चाहते।
'माफ़ कर सकता हूं मगर भूल नहीं सकता'
श्रीसंत का कहना है कि उन्होंने पिछले कई सालों में हरभजन को माफ करने की कोशिश की थी, लेकिन किसी की भावनाओं और पुराने जख्मों को विज्ञापन में बेचकर पैसे कमाना दोस्ती के खिलाफ है। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि वह चीजों को माफ कर सकते हैं, लेकिन उन्हें कभी भूल नहीं सकते।
Can’t stop laughing after watching this they nailed it. 🤣🙌 pic.twitter.com/dkcn6VqDsR
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) January 16, 2026
विज्ञापन ने कर दिया सब कुछ खत्म
यह विवाद ऐसे समय में आया है जब कुछ समय पहले ही पूर्व आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी ने 2008 के उस मैच की एचडी फुटेज जारी की थी, जिसने पुरानी यादों को ताजा कर दिया था। सालों तक सार्वजनिक मंचों पर एक-दूसरे के प्रति सम्मान दिखाने और भाईचारा निभाने के बाद, इस विज्ञापन विवाद ने दोनों खिलाड़ियों के बीच की खाई को और गहरा कर दिया है।
फिलहाल हरभजन सिंह की ओर से इस पूरे मामले पर कोई सफाई नहीं आई है, लेकिन श्रीसंत के कड़े रुख ने यह साफ कर दिया है कि क्रिकेट के मैदान पर शुरू हुई यह लड़ाई अब व्यक्तिगत स्तर पर और अधिक गंभीर हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications