SA vs NEP: अंतिम दो गेंदों की गलती से रोने लगी नेपाल की पूरी टीम, दक्षिण अफ्रीका ने 1 रन से जीत लिया मैच
SA vs NEP: इस बार टी20 वर्ल्ड कप छोटी टीमों के लिए धाकड़ रहा है। यूएस, स्कॉटलैंड, कनाडा और नेपाल ने अपना बेहतरीन प्रयास किया है। कुछ को जीत मिली और कुछ टीमों को रोमांचक मैच में हार का सामना करना पड़ा। नेपाल और दक्षिण अफ्रीका के मैच में भी ऐसा ही हुआ।
यह नेपाल का दुर्भाग्य ही कहा जाएगा कि वे मैच जीतते हुए हार गए। अंतिम दो गेंदों में गेम नेपाल की मुट्ठी में था लेकिन यह रेत की तरह ऐसे फिसला, जिसकी कल्पना भी किसी ने नहीं की होगी। नेपाली खिलाड़ी खुद भरोसा नहीं कर पाए कि ये कैसे हुआ। खिलाड़ी और फैन्स रो पड़े क्योंकि एक जीत सामने थी जो हार में बदल गई।

टॉस जीतकर नेपाल ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया और यह सही साबित हुआ। डी कॉक महज 10 रन के निजी स्कोर पर आउट होकर पवेलियन की राह पर चले गए। उनके बाद भी विकेट गिरने में कमी नहीं आई, इस बार मार्करम का नम्बर था, वह 15 रन बनाकर चलते बने।
क्लासेन 3 और डेविड मिलर 7 रन बनाकर आउट हो गए। इस तरह दक्षिण अफ्रीका ने नियमित विकेट गंवाए लेकिन रीजा हेंड्रिक्स ने धैर्य से बैटिंग करते हुए 43 रनों की पारी खेली। उनके अलावा ट्रिस्टन स्टब्स ने भी निचले क्रम से 27 रनों की पारी खेल टीम की डूबती हुई नैया को बचाने का काम किया।
अंततः दक्षिण अफ्रीकी टीम ने 7 विकेट पर 115 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य हासिल कर लिया और नेपाल के पास इस मैच में जीत दर्ज करने का मौका आ गया। नेपाल के लिए जवाब में खेलते हुए कुशल भर्टेल ने 13 रनों की पारी खेली। रोहित पौडेल बिना खाता खोले चलते बने।
इस दौरान आसिफ शेख ने क्रीज का एक छोर पकड़ लिया। वह रीजा हेंड्रिक्स की तरह धीरे-धीरे रन बनाते हुए 42 रन बनाकर आउट हुए। इधर अनिल शाह ने भी अपने बल्ले से 27 रनों का योगदान देकर नेपाल को लक्ष्य के करीब पहुंचा दिया।
गुलशन झा और सोमपाल कामी क्रीज पर थे। अंतिम ओवर में मुकाबला आ गया था। नेपाल को अंतिम ओवर में 8 रन की दरकार थी। बार्टमैन को गुलशन ने तीसरी गेंद पर चौका जमा दिया। इसके बाद अगली गेंद पर दो रन भाग गए। इस तरह अंतिम दो गेंदों में दो रन की दरकार थी। पांचवीं गेंद पर गुलशन कुछ नहीं कर पाए और यह खाली रही। अंतिम गेंद पर दो रन की दरकार थी और गुलशन रन आउट हो गए, इ तरह दक्षिण अफ्रीका ने एक रन से मैच जीतकर खुद को फजीहत से बचा लिया और नेपाली टीम गहरे सदमे में चली गई।
नेपाली क्रिकेटर माथा पकड़कर बैठ गए और कुछ खिलाड़ी रोने भी लगे। फैन्स के भी आँसू निकल गए क्योंकि नेपाली टीम इतिहास में अपना नाम दर्ज कराने से रन रन पीछे रह गई। दक्षिण अफ्रीकी टीम जीत जरुर गई लेकिन चर्चा नेपाल की है।












Click it and Unblock the Notifications