SMAT 2025: डेब्यू मैच में शतक जड़ कर ली वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी, क्या इस धुरंधर को IPL में मिलेगा मौका?
SMAT 2025, Amit Passi T20 World Record: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT 2025-26) के आखिरी लीग चरण के मैच में विस्फोटक बल्लेबाजी देखने को मिली। इस मैच में बड़ौदा के विकेटकीपर-बल्लेबाज अमित पासी ने अपने टी-20 डेब्यू को यादगार बना दिया है। पासी ने सोमवार को हैदराबाद में सर्विसेज के खिलाफ खेलते हुए टी-20 डेब्यू पर सर्वाधिक स्कोर बनाने के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। अब ऐसे में सवाल यह है कि क्या आईपीएल 2026 में अमित पासी को खेलने का मौका मिलेगा। क्या ऑक्शन में कोई टीम उन पर दांव लगाएगी?
महज 44 गेंदों में पूरा किया शतक (SMAT 2025, Amit Passi T20 World Record)
अमित पासी ने यह शानदार पारी भारतीय टीम के लिए राष्ट्रीय ड्यूटी पर गए विकेटकीपर जितेश शर्मा की जगह खेलते हुए खेली। पासी ने पारी की शुरुआत की और अपनी पहली टी-20 पारी में ही धमाकेदार प्रदर्शन किया। उन्होंने सिर्फ 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और उसके बाद ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए गियर बदल दिए। पासी ने अपनी पारी का नौवां छक्का लगाते हुए 44 गेंदों में अपना शतक पूरा किया।

धमाकेदार पारी खेल कर ली वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी
इस तरह वह टी-20 डेब्यू पर शतक बनाने वाले सिर्फ तीसरे भारतीय पुरुष खिलाड़ी बन गए। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 55 गेंदों पर 10 चौके और 9 छक्कों की मदद से 114 रन बनाकर आउट हुए। उनका 114 रनों का स्कोर पाकिस्तान के बिलाल आसिफ के साथ टी-20 डेब्यू पर बनाया गया संयुक्त रूप से सर्वाधिक स्कोर है। अमित पासी की इस धुआंधार पारी की बदौलत बड़ौदा की टीम 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 220 रनों का विशाल स्कोर खड़ा करने में सफल रही।
पासी ने साल 2025 बड़ौदा प्रीमियर लीग में 6 पारियों में कुल मिलाकर केवल 100 रन बनाए थे। लेकिन अपने टी-20 डेब्यू पर उन्होंने अकेले ही यह आंकड़ा पार कर लिया। हालांकि, पासी की यह शानदार पारी बड़ौदा को सुपर लीग चरण में पहुंचाने के लिए पर्याप्त नहीं होगी। क्योंकि एलीट ग्रुप सी से पंजाब-गुजरात और बंगाल-हरियाणा के विजेता पहले ही क्वालीफाई कर चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications