'मुझे 4 महीने दो, उसे भारत का सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर बना दूंगा', शमी ने किया दावा
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में कई युवाओं को हमने निखरते हुए देखा। जहां उमरान मलिक ने अपनी अविश्वसनीय गति के साथ सुर्खियां बटोरीं, वहीं अर्शदीप सिंह और तिलक वर्मा जैसे खिलाड़ियों ने भी सीजन में अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया। उमरान और अर्शदीप को उनके प्रदर्शन के लिए साउथ अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की T20I सीरीज के लिए चुना गया। ऐसे ही एक युवा गेंदबाज जिन्होंने अपनी फ्रेंचाइजी के लिए शानदार प्रदर्शन किया, वे थे मोहसिन खान।
यह भी पढ़ें- Ranji Trophy : सेमीफाइनल में पहुंचा मुंबई, दर्ज की क्रिकेट के इतिहास की सबसे बड़ी जीत

शमी ने किया है दावा
आईपीएल 2022 में लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा रहे मोहसिन ने 9 मैच खेले, जिसमें 5.96 की शानदार इकॉनमी रेट से 14 विकेट लिए। मोहसिन को नीलामी में एलएसजी द्वारा उनके आधार मूल्य 20 लाख रुपए पर चुना गया था। उनके कोच बदरुद्दीन सिद्दीकी ने अतीत में मोहम्मद शमी के साथ भी काम किया है। अब सिद्दीकी ने खुलासा किया कि जब नीलामी हुई थी तो वह एक साथ बैठे थे। इस दाैरान शमी ने सिद्दीकी से दावा किया था कि अगर वे 4 महीने देते हैं तो वह मोहसिन को भारत का सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर बना देंगे।

मांगे सिर्फ 4 महीने
सिद्दीकी ने स्पोर्ट्स यारी पर बातचीत के दौरान खुलासा किया, "जब नीलामी चल रही थी तो मैं शमी के साथ उनके फार्महाउस में बैठा था। उन्हें चुना गया था और मोहसिन खान को भी। और फिर, हम उसके बारे में बातचीत कर रहे थे। शमी ने मुझसे कहा, 'अगर आप मुझे उसके साथ सिर्फ चार महीने दें, तो मैं उसे भारत का सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर बना दूंगा। वह बहुत अच्छे बल्लेबाज हैं। और केएल राहुल ने भी पहले कहा था कि उन्हें खेल की अच्छी समझ है।"

शमी एक बड़े गेंदबाज हैं
हालांकि, मोहसिन ने अपने क्रिकेट करियर में बल्ले से कुछ खास नहीं किया है। आईपीएल में, वह आमतौर पर लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए नंबर 10 पर आए थे। सिद्दीकी ने आगे कहा कि शमी हमेशा युवाओं की मदद के लिए तैयार रहते हैं। उन्होंने कहा, ''कई गेंदबाज हो सकते हैं लेकिन आपको अच्छी समझ होनी चाहिए। आपको यह जानना होगा कि किस बल्लेबाज के खिलाफ कौन सी गेंद का इस्तेमाल करना है। आज शमी एक बड़े गेंदबाज हैं। लेकिन वह आने वाले युवाओं की मदद के लिए हमेशा तैयार रहते हैं।"












Click it and Unblock the Notifications