IND vs WI: अपनी ही गलती से आउट हुए शुभमन गिल, धवन के साथ मिल कर रहे थे ताबड़तोड़ बल्लेबाजी
पोर्ट ऑफ स्पेन, जुलाई 22। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में टीम इंडिया की शुरुआत बेहद शानदार रही है। टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी के लिए आई भारतीय टीम की ओर से शिखर धवन और शुभमन गिल ने पारी की शुरुआत की। दोनों ने ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए अपने-अपने अर्द्धशतक भी जल्दी पूरे किए। दोनों के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी थी, लेकिन तभी शुभमन गिल 64 के निजी स्कोर पर रन आउट हो गए। शुभमन गिल ने 53 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 65 रन की पारी खेली। उन्होंने सिर्फ 36 गेंदों में अपने वनडे करियर का पहला अर्द्धशतक पूरा किया।

अपनी गलती से आउट हुए शुभमन गिल
शुभमन गिल का विकेट भले ही विंडीज के कप्तान निकोलस पूरन की शानदार फील्डिंग की बदौलत गिरा हो, लेकिन इस विकेट में गलती शुभमन गिल की भी थी। दरअसल, जिस गेंद पर शुभमन गिल रनआउट हुए हैं, वहां वो रन आउट से बच सकते थे, अगर वो विकेट के बीच तेज दौड़ लगा देते या फिर एक डाइव मारते। टीवी रिप्ले में साफ-साफ देखा गया था कि शुभमन ने शॉट मारते ही पहले बहुत धीरे-धीरे कदम बढ़ाए थे, लेकिन जब उन्होंने देखा कि निकोलस पूरन गेंद की तरफ आ रहे हैं तो उन्होंने तेज दौड़ना शुरू किया, लेकिन तब तक पूरन ने एक डायरेक्ट थ्रो कर गिल को आउट कर दिया।
धवन और गिल के बीच शतकीय साझेदारी
आपको बता दें कि पहले वनडे में शिखर धवन के साथ पारी की शुरुआत के लिए शुभमन गिल को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया था। हालांकि गिल के अलावा धवन के पास ऋतुराज गायकवाड़ और ईशान किशन का भी विकल्प था, लेकिन धवन ने गिल को प्राथमिकता दी। शुभगन गिल धवन के भरोसे पर खरा भी उतरे। उन्होंने धवन के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 105 गेंदों में 119 रन की साझेदारी की। इसमें कप्तान धवन ने 53 गेंद में 50 और शुभमन गिल ने 52 गेंद में 64 रन का योगदान दिया।












Click it and Unblock the Notifications