Shubman Gill को वर्ल्ड कप टीम से निकालने के पीछे गौतम गंभीर और अगरकर? लखनऊ में हुई पूरी प्लानिंग
Shubman Gill Dropped T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए बीसीसीआई (BCCI) सचिव देवजीत सैकिया ने टीम का ऐलान शनिवार को किया। इस स्क्वॉड में वनडे और टेस्ट कप्तान शुभमन गिल को शामिल नहीं किया गया है। यह फैसला फैंस के लिए हैरान करने वाला रहा है। सोशल मीडिया पर वह ट्रेंड कर रहे हैं। अब उन्हें टीम से निकाले जाने के पीछे की कहानी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टी-20 सीरीज के दौरान ही यह फैसला हो गया था। इस बारे में किसी ने भी प्रिंस से बात नहीं की थी। शुभमन गिल को टी20 टीम से बाहर किए जाने की कोई आधिकारिक जानकारी पहले नहीं दी गई थी। उनसे इस बारे में बात भी नहीं की गई और सीधे बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।

Shubman Gill से सेलेक्टर्स और मैनेजमेंट ने नहीं की बात
एनडीटीवी में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, BCCI से जुड़े एक सूत्र ने भी इसकी पुष्टि की है। सूत्र के मुताबिक, चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर, हेड कोच गौतम गंभीर और टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव की शुभमन गिल को स्क्वॉड से बाहर करने के बारे में चर्चा हुई थी। यह फैसला लखनऊ में हुआ था, जहां टीम इंडिया टी-20 मैच खेलने पहुंची थी। हालांकि, प्रदूषण की वजह से मैच रद्द हो गया था। इसके बावजूद किसी ने भी शुभमन गिल को पहले से इसकी जानकारी नहीं है। उन्हें सीधे टी20 स्क्वाड से बाहर कर दिया गया।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि सूर्यकुमार यादव खुद खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं। इसके बावजूद उनका कप्तानी पद कम से कम टी20 वर्ल्ड कप तक सुरक्षित माना जा रहा है। मैनेजमेंट इतने अहम टूर्नामेंट से पहले कोई बड़ा बदलाव करने के पक्ष में नहीं है।
Shubman Gill की फॉर्म और फिटनेस दोनों पर संकट
- सूत्रों के अनुसार, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान शुभमन गिल को पैर में चोट लगी थी। इस चोट ने गंभीर और अगरकर की प्लानिंग को एक और मजबूत तर्क दे दिया।
- रन बनाने के लिए उनका संघर्ष चल रहा है और उस पर लगी चोट से मामला और गंभीर हो गया। टीम मैनेजमेंट ने उनको लगी चोट के बाद विकल्पों पर विचार करने का मन बना लिया था।
- इसमें हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ चीफ सेलेक्टर अजित अगरकर की भूमिका भी बताई जा रही है।
अहमदाबाद T-20 मैच खेलना चाहते थे शुभमन गिल
बताया जा रहा है कि शुभमन गिल अहमदाबाद में खेले गए पांचवें टी20 मुकाबले में खेलना चाहते थे। हालांकि, तब तक टीम मैनेजमेंट अपना मन बना चुका था। मैनेजमेंट उन्हें टी20 स्क्वॉड से बाहर करने का फैसला ले चुका था। गिल को बिना किसी पूर्व सूचना के टीम से ड्रॉप करने के दावे ने सनसनी मचा दी है। इससे कोच और कप्तान के साथ सेलेक्टर्स के व्यवहार पर भी सवाल उठ रहे हैं। आम तौर पर फॉर्म से जूझ रहे खिलाड़ियों से टीम से निकालने से पहले बात की जााती है। राहुल द्रविड़ और रोहित शर्मा के दौर में ऐसा किया जाता था। उससे पहले दिलीप वेंगसरकर के मुख्य चयनकर्ता रहते हुए भी यह ट्रेंड था।
बता दें कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भी चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर गिल को टीम से बाहर किए जाने को लेकर कोई ठोस वजह नहीं बता पाए थे। अब चयन प्रक्रिया पर सवाल उठने लगे हैं।












Click it and Unblock the Notifications