श्रेयस अय्यर बोले- मैंने जसप्रीत बुमराह को रिश्वत देने की कोशिश की, फिर भी नहीं माना
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच खेली जा रही द्विपक्षीय सीरीज का आगाज हो चुका है, जिसका पहला मैच लखनऊ के श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना स्टेडियम में खेला गया। टी20 प्रारूप में खेले गये इस मैच में श्रीलंका की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया जो कि उनके पक्ष में नहीं गया। भारत ने रोहित शर्मा (44), ईशान किशन (89) और श्रेयस अय्यर (57) की दमदार पारियों के दम पर महज 2 विकेट खोकर 199 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया, जिसके जवाब में श्रीलंका की टीम 6 विकेट खोकर 137 रन ही बना सकी।

भारतीय टीम ने सीरीज के पहले मैच में 62 रनों की विशाल जीत हासिल कर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। इस मैच में भारतीय टीम को जीत दिलाने में जितनी अहम भूमिका भारतीय बल्लेबाजों ने निभाई, उतना ही बेहतरीन प्रदर्शन गेंदबाजों का भी रहा।
और पढ़ें: IND vs SL: लखनऊ टी20 में क्यों नहीं खेले रुतुराज गायकवाड़, रोहित शर्मा ने किया खुलासा

रोहित ने गेंदबाजी में आजमाये 7 बॉलर
विराट कोहली की कप्तानी में भारत छठे गेंदबाजी विकल्प की तलाश कर रहा था और उसे लगातार संघर्ष करना पड़ रहा था, लेकिन रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम मैनेजमेंट इस कमजोरी को दूर करने की कोशिश में लगा हुआ है। इसी को देखते हुए गुरुवार को भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने 7 गेंदबाजी विकल्पों का इस्तेमाल किया। इतना ही नहीं वह 16वें ओवर में मैदान से बाहर भी चले गये थे जिसके बाद टीम की कमान उपकप्तान बुमराह संभाल रहे थे। मैच के बाद जीत के हीरो रहे श्रेयस अय्यर से बात करते हुए प्रेंजेटेटर ने सवाल किया कि जिस तरह से कप्तान रोहित गेंदबाजी विकल्पों का इस्तेमाल कर रहे थे, क्या उसे देखते हुए उनका गेंदबाजी करने का मन नहीं हुआ और क्या उन्होंने इसको लेकर कप्तान से बात की थी।
उल्लेखनीय है कि रोहित शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ जसप्रीत बुमराह के अलावा भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, युजवेंद्र चहल, वेंकटेश अय्यर, रविंद्र जडेजा और दीपक हुड्डा से गेंदबाजी करवायी थी। जिसके दौरान भुवनेश्वर और वेंकटेश अय्यर के खाते में 2-2 विकेट तो वहीं पर रविंद्र जडेजा और युजवेंद्र चहल के खाते में 1-1 विकेट आया था।

अय्यर ने बतायी बुमराह को रिश्वत देने की बात
गौरतलब है कि श्रेयस अय्यर को पिछले महीने साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज के दौरान छठे गेंदबाजी विकल्प के रूप में इस्तेमाल किया गया था, ऐसे में जब उनसे यह सवाल किया गया तो उन्होंने बताया कि डेथ ओवर में गेंदबाजी को लेकर मैंने बुमराह से बात की थी, हालांकि चीजें उनके पक्ष में नहीं गई उन्हें बॉलिंग नहीं मिली।
उन्होंने कहा,'मैंने गेंदबाजी के लिये पहले ही अपना हाथ खड़ा किया था, 16वें ओवर में जब रोहित भाई बाहर गये तो उन्होंने बुमराह को पहले ही बता दिया था कि कौन से गेंदबाजों को बचे हुए ओवर फेंकने हैं। मैंने बुमराह से बात की और गेंदबाजी करनी चाही लेकिन वहां बात नहीं बनी, यहां तक की मैंने बुमराह को रिश्वत देने की कोशिश की लेकिन उसने मुझसे गेंदबाजी नहीं करवायी।'

अय्यर ने सिर्फ 11 गेंदों में ठोंके 33 रन
आपको बता दें कि श्रीलंका के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए जहां पर ईशान किशन और रोहित शर्मा ने 111 रनों की साझेदारी की तो वहीं पर रोहित के जाने के बाद बल्लेबाजी करने आये श्रेयस अय्यर ने पारी को संभालकर एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। श्रेयस अय्यर ने अपनी बल्लेबाजी में 28 गेंदों का सामना किया, जिसमें 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 57 रन बनाये। इस दौरान उनकी शुरुआत थोड़ी धीमी रही थी, जिसमें उन्होंने पहली 14 गेंदों में सिर्फ 17 रन ही बनाये थे, हालांकि अगली 11 गेंदों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए अय्यर ने 33 रन जोड़े और 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications