'बहुत मुश्किल होता है जब टीम सेलेक्शन में..', श्रेयस अय्यर ने KKR में सेलेक्शन को लेकर किया बड़ा खुलासा
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन के 56वें मैच में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने मुंबई इंडियंस को सीजन में लगातार दूसरी बार मात देते हुए प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को फिर से जिंदा कर दिया है। कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने मुंबई इंडियंस की टीम को डीवाई पाटिल स्टेडियम पर खेले गये इस मैच में 52 रनों से मात देकर सीजन की 9वीं हार सौंपी। हालांकि इसके बावजूद कोलकाता की टीम के लिये सबकुछ ठीक नहीं रहा। केकेआर की टीम ने इस मैच में अच्छी शुरुआत करते हुए एक विकेट खोकर 87 रन बनाये थे लेकिन अगले 78 रन में उसने 8 विकेट खो दिये और जो स्कोर 200 के पार पहुंच सकता था वो 165 पर ही पहुंच पाया।

हालांकि कोलकाता नाइट राइडर्स के लिये उसके गेंदबाजों ने जीत की नींव रखी और मुंबई इंडियंस की टीम को 113 रन पर ऑल आउट कर 52 रनों से जीत हासिल कर ली। कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने श्रेयस अय्यर की कप्तानी में इस सीजन का आगाज बेहतरीन तरीके से किया था और पहले 4 में से 3 मैचों में जीत हासिल की थी, तो वहीं पर अगले 8 मैचों में उसे सिर्फ 2 में ही जीत हासिल हो सकी।
और पढ़ें: पॉवेल ने बताया किसके चलते IPL 2022 के प्रदर्शन में हुआ सुधार, किस वजह से कर रहे हैं अच्छा प्रदर्शन

टीम सेलेक्शन में सीईओ भी होते हैं शामिल
कोलकाता नाइट राइडर्स के प्रदर्शन में आई इस गिरावट के पीछे उसका टीम सेलेक्शन रहा जिसमें उसने अब तक सबसे ज्यादा 22 बदलाव किये हैं। मुंबई के खिलाफ भी कोलकाता की टीम ने 5 बदलाव किये थे। मैच के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने इसको लेकर बड़ा खुलासा किया और बताया कि टीम का विनिंग प्लेइंग इलेवन चुन पाना काफी मुश्किल होता है क्योंकि इसमें कोच, टीम मैनेजमेंट से लेकर टीम के सीईओ वेंकी मैसूर तक का भी रोल होता है।
मैच के बाद उन्होंने कहा,'यहां पर प्लेइंग 11 का चयन करना मुश्किल होता है, काफी मुश्किल होता है जब आपको किसी खिलाड़ी को कहना पड़े कि आज वो नहीं खेलेगा। टीम सेलेक्शन में कोच, टीम मैनेजमेंट और कभी-कभी सीईओ (वेंकी मैसूर) भी शामिल होते हैं, ऐसे में किसी खिलाड़ी को बताना कि वो प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं है बतौर कप्तान काफी मुश्किल होता है। हालांकि टीम का हर खिलाड़ी फैसलों को अच्छे से समझता है और अपना बेस्ट देने का प्रयास करता है।'

मुश्किल हार के बड़ी जीत शानदार
गौरतलब है कि मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गये मैच में भी कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम 5 बदलाव कर के उतरी थी और बाबा इंद्रजीत की जगह अजिंक्य रहाणे, अनुकूल राय की जगह वेंकटेश अय्यर, हर्षित राणा की जगह वरुण चक्रवर्ती और शिवम मावी की जगह विकेटकीपर शेल्डन जैक्सन को मौका दिया। वहीं पर सलामी बल्लेबाज एरॉन फिंच को बाहर कर तेज गेंदबाज पैट कमिंस को 3 मैच बाद दोबारा मौका दिया गया।
अय्यर ने आगे बात करते हुए कहा, " आखिरी मैच में हम जिस तरह से हारे थे, उसने हमें काफी निराश किया था लेकिन इस मैच में हमारे लिये जीत हासिल करना काफी मजेदार रहा। हमने पावरप्ले का सही इस्तेमाल किया और सीजन में पहली बार 50 से ज्यादा रनों की ओपनिंग साझेदारी हुई। नितिश ने भी अपना वक्त लिया और फिर अपने शॉट खेले। मुझे लगा कि इस मैदान पर किसी भी नये बैटर के लिये पहली गेंद से शॉट खेलना आसान नहीं था और गेंदबाजी के दौरान भी हमने इसी रणनीति के तहत काम किया और उनपर दबाव बनाया।

अभी भी प्लेऑफ में पहुंच सकती है कोलकाता
गौरतलब है कि केकेआर की टीम ने इस मैच में बड़ी जीत हासिल करने के साथ ही अपने नेट रन रेट में सुधार किया है और 12 मैचों में 10 अंक के साथ सातवें पायदान पर पहुंच गई है। अगर वो बचे हुए दोनों मैच जीत जाती है तो 14 अंक तक पहुंच जायेगी और बेहतर नेट रन रेट और किस्मत के सहारे प्लेऑफ में क्वालिफाई कर सकती है। वहीं मुंबई इंडियंस सीजन में अब तक इकलौती ऐसी टीम है जो आधिकारिक रूप से प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। वह 11 मैचों में सिर्फ 2 जीत के साथ अंकतालिका में सबसे निचले पायदान पर काबिज है।












Click it and Unblock the Notifications