श्रेयस अय्यर को लेकर सिडनी से आई नई खबर, BCCI ने जारी किया हेल्थ बुलेटिन, कब लौटेंगे वापस?
Shreyas Iyer: टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर की चोट को लेकर बीसीसीआई ने मंगलवार को नया हेल्थ अपडेट जारी किया है। बोर्ड ने बताया कि अय्यर की हालत अब स्थिर है और वे तेजी से ठीक हो रहे हैं।
इससे पहले श्रेयस अय्यर के आईसीयू से बाहर आने की खबर सामने आई थी और अब एक बार फिर से बोर्ड ने फैंस को इस स्टार खिलाड़ी की रिकवरी को लेकर जानकारी प्रदान की है, जो एक राहत प्रदान करने वाली खबर है।

बीसीसीआई ने जारी किया बयान
बोर्ड ने अपनी वेबसाइट पर बयान जारी करते हुए लिखा कि श्रेयस अय्यर को 25 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मैच के दौरान पेट में जोरदार चोट लगी, जिससे उनकी स्प्लीन में कट लग गया और अंदरूनी रक्तस्राव हुआ। चोट की पहचान तुरंत कर ली गई थी और ब्लीडिंग को रोक दिया गया। उनकी हालत अब स्थिर है और वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं। मंगलवार, 28 अक्टूबर को कराए गए दोबारा स्कैन में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है, और श्रेयस अब धीरे-धीरे रिकवरी की राह पर हैं। बीसीसीआई की मेडिकल टीम सिडनी और भारत के विशेषज्ञ डॉक्टरों के साथ मिलकर उनकी स्थिति की लगातार निगरानी करती रहेगी।
क्या परिवार नहीं जाएगा ऑस्ट्रेलिया
कुछ रिपोर्ट्स में बताया गया है कि श्रेयस अय्यर की रिकवरी को देखते हुए परिवार ऑस्ट्रेलिया नहीं जाएगा। श्रेयस अय्यर से परिवार ने वीडियो कॉल के माध्यम से बात की है और जल्दी ही ठीक होकर वह भारत लौट आएँगे। हालांकि अस्पताल में वह कितने दिन और रहेंगे, इस बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
कैसे लगी थी श्रेयस अय्यर को चोट
25 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मुकाबले के दौरान फील्डिंग करते समय श्रेयस अय्यर के पेट में तेज़ चोट लगी थी। इस झटके से उनकी स्प्लीन में गहरा जख्म (laceration) हो गया और आंतरिक रक्तस्राव (internal bleeding) शुरू हो गया था। उन्हें तुरंत सिडनी के अस्पताल में भर्ती कराया गया था।












Click it and Unblock the Notifications