पृथ्वी शॉ के धमाके में उड़ा श्रेयस अय्यर का फ्यूज, बोले- समझ ही नहीं आया क्या फील्डिंग सेट करूं
मुंबई, 11 अप्रैल: दो हार झेलने के बाद दिल्ली कैपिटल्स की टीम जीत की पटरी पर वापस लौट आई है। वहीं, केकेआर की टीम जो अभी तक तीन मुकाबले जीत चुकी थी, अब अपनी दूसरी हार को झेल चुकी है। यह केकेआर के लिए खतरे की घंटी तो नहीं है लेकिन दिल्ली कैपिटल्स के लिए बड़ी अहम जीत है। इस जीत के बाद दिल्ली पुरानी लय में आती दिख रही है। वार्नर के साथ पृथ्वी शॉ टूर्नामेंट की बेस्ट ओपनिंग जोड़ी में एक के रूप में नजर आ रहे हैं।

पृथ्वी शॉ के लिए कैसे फील्डिंग सेट करें
शॉ अलग ही फॉर्म में खेल रहे हैं। वे तेज नहीं तूफानी हैं जिनको रोकना हर किसी के बूते की बात दिखाई नहीं दे रही।
मैच के बाद केकेआर के कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी स्वीकार किया है कि उन्हें समझ ही नहीं आया पृथ्वी शॉ के लिए कैसे फील्डिंग सेट करें। शॉ ने देखते ही देखते 29 गेंदों पर 51 रनों की पारी खेल दी और दिल्ली की टीम टॉस हारने के बावजूद मुकाबला जीत गई।

पहले साथ खेल चुके हैं दोनों युवा खिलाड़ी
शॉ ने उमेश यादव और पैट कमिंस जैसे दिग्गज कद वाले गेंदबाजों से भी खौफ नहीं खाया। उनको जो भी गेंद मिली उसके सीमारेखा के पार भेजने की इच्छा दिखाई। शॉ का यह फॉर्म सीजन में दिल्ली के लिए निर्णायक भी साबित हो सकता है।
हार के बाद श्रेयस अय्यर ने स्वीकार किया, "पृथ्वी शॉ ऐसा बल्लेबाज है जो पॉवरप्ले में गेम को बदल सकता है। मैं उसके साथ पहले खेला हूं। वह अच्छे शॉट्स हिट करता है और एक कप्तान के तौर पर भी मुझे समझ नहीं आ सका कि उसके लिए कैसे फिल्ड को सेट करूं।"

तेज गेंदबाजी पिटी तो स्पिन का दांव खेला-
27 साल के अय्यर ने कहा कि हालांकि शॉ स्पिनरों के खिलाफ थोड़े सतर्क हो जाते हैं। इसलिए उन्होंने तूफानी बल्लेबाज की गर्जना को शांत करने के लिए वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन जैसे स्पिनरों को लगाया।
अय्यर ने कहा, "शॉ स्पिनरों के खिलाफ बड़े शॉट नहीं खेलता है। क्योंकि दिल्ली ने बढ़िया शुरुआत हासिल कर ली थी, इसलिए मैंने उनको रोकने की कोशिश की। मैंने सोचा वरुण और सुनील काफी अनुभवी बॉलर हैं, वो गेम को बांध सकते है और हमको अच्छी स्थिति दे सकते हैं।"

दिल्ली की वापसी, केकेआर नंबर दो पर खिसकी
अब केकेआर की टीम अंक तालिका में 5 मैचों में तीन मुकाबले जीतने के बाद दूसरे स्थान पर खिसक चुकी है। उनको शुक्रवार को सनराइजर्स हैदराबाद का सामना करना है। अब आरआर नंबर एक है लेकिन इस टीम की अभी भी उतनी चर्चा नहीं हो रही है जितनी केकेआर की। कोलकाता को सीजन जीतने के लिए सबसे बेहतरीन टीम में एक के तौर पर देखा जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications