World Cup 2023 के प्रोमो Video से बाबर आजम को बाहर करने पर तिलमिलाए शोएब अख्तर, दी ये बड़ी प्रतिक्रिया
ICC World Cup 2023: अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने गुरुवार, 20 जुलाई को वर्ल्ड कप 2023 का आधिकारिक प्रोमो लॉन्च किया, जिसमें बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान और क्रिकेट जगत के कई बड़े नाम शामिल हैं, इस बीच वीडियो में पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम की अनुपस्थिति को लेकर पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने नाराजगी व्यक्त की है।
दरअसल, आईसीसी द्वारा जारी वीडियो का टाइटल 'इट ओनली टेक्स वन डे' है, जिसमें क्रिकेट के शानदार पलों को एक साथ दर्शाया गया है। इस वीडियो को बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान ने अपनी आवाज दी है। वीडियो में क्रिकेटरों की एक स्टार-स्टडेड लाइनअप है, जिसमें जेमिमा रोड्रिग्स, दिनेश कार्तिक और शुभमन गिल शामिल हैं।

वर्ल्ड कप के प्रोमो वीडियो में 2019 विश्व कप विजेता टीम के कप्तान इयोन मोर्गन, जोंटी रोड्स, मुथैया मुरलीधरन जैसे क्रिकेट के दिग्गजों को भी दिखाया गया है। वीडियो में विश्व कप के इतिहास के कुछ यादगार पलों को भी दर्शाया गया है।
प्रोमो वीडियो का हिस्सा नहीं है बाबर आजम
हालांकि, विश्व के नंबर 1 एकदिवसीय बल्लेबाज और पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आजम प्रोमो वीडियो का हिस्सा नहीं हैं, जबकि तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी को दिखाया गया है। इसके अलावा अतीत में विश्व कप जीतने वाली टीमों के दृश्य भी दिखाए गए थे, लेकिन पाकिस्तान की 1992 की जीत आईसीसी के प्रचार वीडियो में नहीं दिखाई गई थी।
शोएब अख्तर ने आईसीसी पर साधा निशाना
शोएब अख्तर ने शनिवार को एक ट्वीट में कहा कि, 'जिसने भी सोचा कि विश्व कप का प्रोमो पाकिस्तान और बाबर आजम की महत्वपूर्ण उपस्थिति के बिना पूरा होगा, उसने वास्तव में खुद को एक मजाक के रूप में प्रस्तुत किया है। आओ दोस्तों, थोड़ा बड़ा होने का समय आ गया है।
12 साल के बाद भारत लौट रहा है वर्ल्ड कप
दरअसल, पुरुष क्रिकेट विश्व कप 12 वर्षों के बाद भारत लौट रहा है। यह टूर्नामेंट 5 अक्टूबर से 19 नवंबर, 2023 तक होने वाला है, जिसमें गत चैंपियन इंग्लैंड सहित दस टीमें भाग लेंगी। टूर्नामेंट की शुरुआत अहमदाबाद के प्रतिष्ठित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पिछले संस्करण के फाइनलिस्ट इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच मैच के साथ होगी।
15 अक्टूबर को भारत और पाकिस्तान के बीच होगी भिड़ंत
पाकिस्तान, जो घरेलू मैदान और श्रीलंका में एशिया कप की मेजबानी करेगा, अपने अभियान की शुरुआत 6 अक्टूबर को हैदराबाद में नीदरलैंड के खिलाफ करेगा। भारत और पाकिस्तान के बीच 15 अक्टूबर को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अहम मुकाबला होगा।












Click it and Unblock the Notifications