शापूर जादरान को कंधा देकर बिलख पड़े राशिद खान, हजारों लोगों के सामने फूट-फूटकर रोए, वीडियो हुआ वायरल
Shapoor Zadran: अफगानिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शापूर जादरान को निधन के तीसरे दिन सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। काबुल में उनके जनाजे में हजारों की संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के सभी प्लेयर्स ने वहां पहुंचकर अपने साथी को नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपने हीरो की अंतिम विदाई के कुछ फोटो भी अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर पोस्ट किए हैं। इसके अलावा फैंस ने भावुक करने वाले कई वीडियो पोस्ट किए हैं। राशिद खान ने जनाजे को कंधा दिया और भावुक हो गए।

हजारों फैंस की जमा हुई भीड़
राशिद खान के रोने का वीडियो काफी वायरल हुआ है। मोहम्मद नबी, इब्राहिम जादरान सहित कई खिलाड़ी इस जनाजे में शामिल हुए। गुरुवार सुबह काबुल के ईदगाह में जब नमाज के लिए पार्थिव शरीर को लाया गया था, तब हजारों फैंस की भीड़ एकत्रित हो गई थी, हर कोई अपने हीरो के अंतिम दर्शन करना चाहता था।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपने पोस्ट में लिखा कि दिवंगत शापूर जादरान के जनाजे के लिए आज सुबह 10 बजे काबुल की ईदगाह मस्जिद में नमाज पढ़ी गई। इसमें अफगान टीम के मौजूदा और पूर्व खिलाड़ी, उनके परिवार के सदस्यों, बड़े-बुजुर्ग और हजारों फैंस ने हिस्सा लिया। इसके बाद काबुल के मरंजन हिल्स पर टीम के साथी क्रिकेटरों, परिवार के सदस्यों, दोस्तों के बीच शापूर जादरान को सुपर्द-ए-ख़ाक कर दिया गया।
राशिद खान सबसे ज्यादा भावुक
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के कई खिलाड़ी अपने देश में नहीं रहते हैं, दुबई उन ठिकाना है लेकिन शापूर जादरान को अंतिम विदाई देने के लिए पूरी टीम एक साथ नजर आई। राशिद खान सबसे ज्यादा भावुक दिखाई दिए और अपने आंसुओं को रोक नहीं पाए।
दिल्ली में हुआ था शापूर का निधन
शापूर जादरान का निधन बीते मंगलवार को दिल्ली में हो गया था, इसके बाद बुधवार को उनको काबुल लेकर जाया गया था। एक लंबी बीमारी के बाद वह इस दुनिया को अलविदा कह गए, जनवरी में उनको इलाज कराने के लिए भारत का वीजा दिया गया था। उनके निधन की खबर के बाद अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड हरकत में आया और अगले दो दिनों के लिए अपने घरेलू क्रिकेट लीग के मैचों को स्थगित करने का फैसला लिया। हर किसी ने इस निर्णय की जमकर तारीफ भी की।












Click it and Unblock the Notifications