ICC Rankings: आईसीसी वनडे रैंकिंग में शाहीन अफरीदी फिर बने नंबर 1 बॉलर, जानें बाकी खिलाड़ियों का हाल
ICC Rankings, Shaheen Afridi: पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी ने आईसीसी पुरुष वनडे गेंदबाज रैंकिंग में फिर से नंबर 1 स्थान हासिल किया है। इससे पहले यह उपलब्धि उन्होंने पिछले वर्ष भारत में आयोजित क्रिकेट विश्व कप के दौरान प्राप्त की थी। अब हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पाकिस्तान की विजयी सीरीज में अपने शानदार प्रदर्शन के चलते उन्होंने इस स्थान को फिर से हासिल किया।
अफरीदी बने नंबर वन गेंदबाज
इस सीरीज में अफरीदी ने तीन मैचों में 12.62 के प्रभावशाली औसत से आठ विकेट लिए, जिससे उनकी रैंकिंग में सुधार हुआ और वह शीर्ष पर लौटे। उनके प्रदर्शन ने उन्हें गेंदबाजी की एक नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया। अफरीदी का यह पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए बेहद अहम योगदान है।

बाबर आजम ने भी किया कमाल
शाहीन ही नहीं बल्कि अन्य पाकिस्तानी क्रिकेटरों की रैंकिंग में भी उछाल आया है। लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले बाबर आज़म ने वनडे बल्लेबाजों में अपना टॉप स्थान बरकरार रखा है, उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ़ तीन मैचों में 80 रन बनाए हैं। इस प्रदर्शन ने वनडे फॉर्मेट में पाकिस्तान के दबदबे को और मजबूत किया है। अब पाकिस्तानी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों रैंकिंग में नंबर एक स्थान पर है।
इन खिलाड़ियों को फायदा
इसके अलावा टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में कई बड़े बदलाव हुए हैं। इंग्लैंड के फिल साल्ट दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं, उनके बाद जोस बटलर और निकोलस पूरन अब क्रमशः छठे और दसवें स्थान पर हैं। रीजा हेंड्रिक्स और ट्रिस्टन स्टब्स को फायदा पहुंचा है, जो 12वें और 26वें स्थान पर पहुंच गए हैं। भारतीय बल्लेबाज संजू सैमसन ने 27 स्थानों की छलांग लगाई है, जिससे वे 39वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
गेंदबाजों का ऐसा है हाल
टी20 रैंकिंग में गेंदबाजों की रैंकिंग में सुधार करने वाले गेंदबाजों की बात करें तो श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा चार पायदान ऊपर चढ़कर दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि वेस्टइंडीज के अकील हुसैन और भारत के रवि बिश्नोई दोनों एक पायदान ऊपर चढ़कर क्रमशः तीसरे और सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं। न्यूजीलैंड के मिशेल सेंटनर और लॉकी फर्ग्यूसन ने भी महत्वपूर्ण प्रगति की है और अब वे 13वें और 15वें स्थान पर हैं।












Click it and Unblock the Notifications