World Cup जीत की हीरो Shafali Verma पर हुई पैसों की बारिश! हरियाणा CM ने सम्मानित करते हुए किया बड़ा ऐलान
World Cup 2025, Shafali Verma: वनडे महिला वर्ल्ड 2025 में शेफाली वर्मा को आखिरी दो मैचों के लिए टीम में जोड़ा गया। साउथ अफ्रीका के खिलाफ फाइनल मैच में टीम के लिए सबसे अधिक रन बनाने वाली शेफाली वर्मा जीत की हीरो रहीं। हरियाणा की बेटी शेफाली वर्मा को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए राज्य सरकार द्वारा सम्मानित किया गया है। बुधवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ स्थित अपने सरकारी आवास पर शफाली को सम्मानित किया।
शेफाली वर्मा को मिले इतने करोड़ (World Cup 2025, Shafali Verma)
मुख्यमंत्री सैनी ने शेफाली वर्मा को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और उन्हें 1.50 करोड़ का चेक और एक 'ग्रेड ए' स्पोर्ट्स ग्रेडेशन सर्टिफिकेट प्रदान किया। इसके अलावा शेफाली वर्मा को हरियाणा राज्य महिला आयोग का ब्रांड एंबेसडर भी नियुक्त किया गया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक्स पर एक पोस्ट में शेफाली को बधाई देते हुए लिखा कि आज, हरियाणा की लाडली बेटी और महिला क्रिकेट विश्व कप में अपने ऐतिहासिक प्रदर्शन से भारत को विश्व चैंपियन बनाने वाली टीम की सदस्य शेफाली वर्मा से मिलकर हार्दिक बधाई और इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।

सीएम ने हरियाणा के खेल प्रतिभाओं को सराहा
उन्होंने कहा कि यह सम्मान हरियाणा के खेल प्रतिभाओं को और भी ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करेगा। सैनी ने शेफाली की कड़ी मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने न केवल हरियाणा, बल्कि पूरे राष्ट्र का गौरव बढ़ाया है। 21 वर्षीय शेफाली वर्मा को चोटिल प्रीतिका रावल की जगह टीम में शामिल किया गया था, लेकिन उन्होंने अपनी प्रतिभा से सबको चौंका दिया।
फाइनल में खेली थी मैच विनिंग पारी
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फाइनल मैच में उन्होंने 87 रनों की शानदार पारी खेली और गेंद से 2/36 विकेट लेकर टीम को 52 रनों की जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इसी शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द फाइनल' चुना गया था। शेफाली वर्मा को सेमीफाइनल से ठीक पहले भारतीय टीम में शामिल किया गया था, और उन्होंने फाइनल मुकाबले में अपने राज्य और देश का नाम रोशन किया।
शेफाली ने दिया धन्यवाद
शेफाली वर्मा ने इस सम्मान के लिए हरियाणा सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि वर्ल्ड कप जीतकर हम बहुत खुश हैं। हरियाणा में खेल भावना रची-बसी है, और राज्य में हर कोई खेलों को प्रोत्साहित करता है। मुख्यमंत्री सैनी ने दोहराया कि राज्य सरकार एथलीटों को प्रोत्साहित करने के लिए कई कार्यक्रम लागू कर रही है, जिसमें जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगभग 2,000 स्पोर्ट्स नर्सरी खोली गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications