5 साल के बेटे की बॉल पर क्लीन बोल्ड हुए सरफराज अहमद, VIDEO हो गया वायरल
2017 में भारत को हराकर अपनी कप्तानी में पाकिस्तान को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जिताने वाले सरफराज अहमद (Sarfaraz Ahmed) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
नई दिल्ली: 2017 में भारत को हराकर अपनी कप्तानी में पाकिस्तान को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जिताने वाले सरफराज अहमद (Sarfaraz Ahmed) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में वह अपने 5 साल के बेटे अब्दुल्ला के साथ क्रिकेट खेलते नजर आ रहे हैं। सरफराज अहमद पाकिस्तान के सबसे सफल कप्तानों में से एक माने जाते हैं। बतौर कप्तान और खिलाड़ी उन्होंने पाक को कई मुकाबले भी जिताए।

वीडियो में देखा जा सकता है कि सरफराज अपने बेटे की गेंद पर कैसे चकमा खा गए और क्लीन बोल्ड हो गए। हालांकि, बेटे की गेंद पर बोल्ड होने के बाद भी सरफराज मुस्कुराते हुए नजर आए। बाप-बेटे की इस जोड़ी को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है।
कई फैंस तो अब्दुल्ला की खूब तारीफ भी कर रहे हैं। एक यूजर ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा 'शाबाश बेटे, अब्बा की ही विकेट उड़ा दिया।' वहीं, एक यूजर ने अब्दुल्ला को पाकिस्तान क्रिकेट का फ्यूचर तक बता डाला। खैर, जो भी हो, लेकिन एक बात तो सोलह आने सच है कि अपने बेटे की यह गेंद देखने के बाद सरफराज अहमद बहुत ही खुश हुए होंगे।
सरफराज ने पाक को बनाया था चैंपियन
साल 2017 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला गया था। यह मैच भारत और पाकिस्तान के बीच था और खिताबी जीत के लिए विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम इंडिया को जीत का फेवरेट माना जा रहा था। हालांकि, पाकिस्तान ने पूरे क्रिकेटिंग वर्ल्ड को हैरान करते हुए 180 रन के बड़े अंतर से मैच जीतकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था। मैच में भारत ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया था। सरफराज अहमद की कप्तानी वाली टीम ने 338/4 का स्कोर बनाया और इसके जवाब में टीम इंडिया 158 के स्कोर पर ही ढेर हो गई। पाक ने ये मैच 180 रन से जीता था।
सरफराज अहमद ने पाकिस्तान के लिए 49 टेस्ट मैचों में 2657, 117 वनडे में 2315 और इंटरनेशनल टी20 मुकाबलों में 818 रन बनाए हैं। फिलहाल सरफराज खराब फॉर्म के चलते नेशनल टीम से बाहर चल रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications