'भारत में अब लोग अपनी बेटियों को क्रिकेटर बनाना चाहेंगे', WPL को पूर्व पाक कप्तान ने बताया बड़ा कदम
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान ने महिला प्रीमियर लीग को बहुत बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि भारत में बहुत से लोग अब चाहेंगे कि उनकी बेटियां क्रिकेट खेलें।

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान बट ने महिला प्रीमियर लीग की तारीफ की है जो उपमहाद्वीप में महिला क्रिकेट के लिए उठाया गया बहुत बड़ा कदम है। महिला आईपीएल का मतलब होगा देश के साथ दुनिया की टॉप महिला क्रिकेटरों को आईपीएल ब्रांड के तहत अपने खेल को और बड़ी पहचान देना। पिछले कुछ सालों में महिला क्रिकेट ने भारत में भी अच्छी लोकप्रियता हासिल की है। सलमान बट्ट ने कहा कि भारत में बहुत से लोग अब चाहेंगे कि उनकी बेटियां क्रिकेट खेलें। WPL की पांच टीमों को 4,670 करोड़ रुपये की मोटी रकम में लाया गया है, और ये टूर्नामेंट मार्च में शुरू होने जा रहा है।
अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए, बट ने कहा कि WPL की पांच टीमों को पहले आईपीएल की तुलना में अधिक पैसे में बेचा गया है। इस बात की जिक्र बीसीसीआई सचिव जय शाह ने भी किया था। इसे एक बड़ी उपलब्धि और महिला क्रिकेट के लिए मील का पत्थर करार दिया।
अपनी वीडियो में भारतीय क्रिकेट के बारे में काफी बातें करने वाले बट्ट ने कहा, "आईपीएल के पहले सीजन में पुरुषों की टीमों की तुलना में WPL की पांच टीमों को अधिक पैसे में बेचा गया है। ये एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। महिला क्रिकेट के लिहाज से यह बहुत बड़ी छलांग है।"
पूर्व क्रिकेटर ने कहा कि WPL के बाद महिला क्रिकेट का चेहरा बदल जाएगा और कई भारतीय अब चाहेंगे कि उनकी बेटियां इस खेल को अपनाएं।
बट ने आगे कहा, "इसके बाद महिला क्रिकेट का चेहरा बदल जाएगा। WPL निश्चित रूप से उन्हें एक नया आयाम देने वाला है। खिलाड़ियों के लिए बहुत सारे अवसर होने जा रहे हैं। भारत में बहुत से लोग अब चाहेंगे कि उनकी बेटियां इस खेल को अपनाएं।"
बट्ट ने इसे महिला क्रिकेट को विकसित करने की दिशा में एक बड़ा कदम बताया जो महिला क्रिकेट के भविष्य को बहुत उज्ज्वल बनाएगा।
पूर्व बाएं हाथ के बल्लेबाज ने कहा, "यह बहुत बड़ी बात है। किसी और ने महिला क्रिकेट में इतना बड़ा कदम नहीं उठाया है जितना भारत ने उठाया है। यह अभूतपूर्व है। क्रिकेट के खेल में महिलाओं का भविष्य बहुत उज्ज्वल है।"
अंत में, बट ने कहा कि इस लीग से खिलाड़ियों और बीसीसीआई दोनों को फायदा होगा और टूर्नामेंट पर काफी ध्यान दिया जाएगा।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications