रॉयल्स के जबरा फैन बने सचिन तेंदुलकर, इन दो खिलाड़ियों की तारीफों के बांधे पुल
संजू सैमसन की कप्तानी वाली राजस्थान रॉयल्स ने 14 साल के लंबे इंतजार के बाद आईपीएल फाइनल में जगह बना ली है।

अहमदाबाद, 28 मई। संजू सैमसन की कप्तानी वाली राजस्थान रॉयल्स ने 14 साल के लंबे इंतजार के बाद आईपीएल फाइनल में जगह बना ली है। क्वालिफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 7 विकेट से हराकर फाइनल का टिकेट कटाया। इस करो या मरो वाले मैच में रॉयल्स के गेंदबाजों ने इतना अच्छा खेल दिखाया कि क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) भी उनकी तारीफ करने से खुद को रोक नहीं पाए।
Recommended Video

प्रसिद्ध और मैकॉय के फैन हुए सचिन
मास्टर ब्लास्टर ने अपने यूट्यूब चैनल पर राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाजों की जमकर तारीफ की है। सचिन ने कहा, ‘'प्रसिद्ध कृष्णा और ओबेड मैकॉय राजस्थान की जीत के बड़े हीरो रहे। दोनों ने बैंगलोर के ऊपर दबाव बनाया। प्रसिद्ध ने लोअर ऑर्डर में बढ़िया स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करने वाले दिनेश कार्तिक को आउट किया। इसके बाद हसरंगा को शानदार गेंद पर पवेलियन भेजा। बैंगलोर ने केवल 157 रन बनाए, जो इस विकेट पर बिल्कुल भी अच्छा टारगेट नहीं था।‘'

दोनों ने मिलकर झटके 6 विकेट
आरसीबी के खिलाफ प्रसिद्ध कृष्णा और ओबेड मैकॉय ने मिलकर 6 विकेट हासिल किए। प्रसिद्ध ने 4 ओवर में केवल 22 रन देकर विराट कोहली (7), दिनेश कार्तिक (6) और वानिंदु हसरंगा (0) को आउट किया। वहीं, मैकॉय ने अपने स्पेल में 23 रन देकर कप्तान फाफ डु प्लेसिस (25), महिपास लोमरोर (8) और हर्षल पटेल (1) को आउट कर पवेलियन भेजा।

कोहली के विकेट को समझाया
तेंदुलकर ने विराट कोहली के विकेट के बारे में बात करते हुए कहा, ''जब गेंद केवल एक दिशा में आगे बढ़ रही हो तो उस छोड़ना आसान होता है। हालांकि, एक गेंद विराट की जांघ पर जा लगी। बल्लेबाज को लगता है 'मैं कर सकता हूं'। प्रसिद्ध की फॉलो-अप डिलीवरी बहुत अच्छी थी और कोहली उछाल में फंस गए। गेंद विकेट से दूर लगी। वह वाकई में शानदार डिलिवरी थी।''
सचिन ने आगे कहा, ''जहां विकेट पर गति और उछाल है, बल्लेबाजों के लिए समायोजित करना आसान नहीं होता। लेकिन रजत पाटीदार ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रसिद्ध को दो कवर ड्राइव भी लगाई। पाटीदार की पारी में काफी नियंत्रण नजर आया।''

बटलर ने जिताया मुकाबला
राजस्थान के सामने 158 रन का टारगेट था, जिसे टीम ने 11 गेंद पहले 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। टीम की जीत में शानदार फॉर्म में चल रहे सलामी बल्लेबाज जोस बटलर ने 60 गेंदों में नाबाद 106 रन बनाए। इस सीजन जोस का ये चौथा शतक रहा। वह 16 मैचों में कुल 824 रन बना चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications