RR vs DC: क्या आज थमेगा दिल्ली की हार का सिलसिला? राजस्थान के किले में होगी अक्षर पटेल की अग्निपरीक्षा!
RR vs DC, IPL 2026: आईपीएल 2026 (IPL 2026) के अहम मुकाबले में आज राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स जयपुर में भिड़ेंगे। अब तक हुए 30 मुकाबलों में राजस्थान 15-14 से मामूली बढ़त पर है। साल 2025 में दिल्ली ने सुपर ओवर में रोमांचक जीत दर्ज की थी, जिसका बदला लेने रियान पराग की सेना उतरेगी। 6 जीत के साथ मजबूत राजस्थान के सामने महज 3 जीत वाली दिल्ली के लिए यह मुकाबला प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखने जैसा है।
बराबरी का रहा है मुकाबला (RR vs DC, IPL 2026)
टूर्नामेंट अब उस मोड़ पर है जहां हर जीत प्लेऑफ की राह आसान करेगी और हर हार समीकरण बिगाड़ सकती है। राजस्थान ने अब तक खेले 9 मैचों में से 6 में जीत दर्ज कर अपनी स्थिति मजबूत रखी है, वहीं दिल्ली की टीम 8 मैचों में मात्र 3 जीत के साथ संघर्ष कर रही है। आईपीएल के इतिहास में जब-जब ये दोनों टीमें आमने-सामने आई हैं, मुकाबला बराबरी का रहा है।

पिछले सीजन सुपरओवर तक गया था मैच
पिछले साल यानी 2025 में दोनों टीमों के बीच इकलौता मुकाबला हुआ था, जो बेहद रोमांचक रहा और दिल्ली ने सुपर ओवर में बाजी मारी थी। आज राजस्थान उस हार का हिसाब चुकता करना चाहेगी। इन दोनों टीमों के आपसी मुकाबलों में अनुभवी बल्लेबाजों का बोलबाला रहा है। 14 पारियों में 611 रन बनाकर अजिंक्य रहाणे टॉप पर हैं। उनका औसत 61.1 का रहा है। लेकिन रहाणे अब राजस्थान का हिस्सा नहीं हैं।
जोफ्रा आर्चर बन सकते हैं खतरा
राजस्थान के पूर्व कप्तान संजू सैमसन ने दिल्ली के खिलाफ 17 पारियों में 418 रन जोड़े हैं। लेकिन संजू अब राजस्थान छोड़ चेन्नई पहुंच चुके हैं। पिच पर रनों को रोकने और विकेट चटकाने में स्पिनर्स और तेज गेंदबाजों के बीच रोचक जंग रही है। जोफ्रा आर्चर ने महज 5 पारियों में 9 विकेट लेकर उन्होंने दिल्ली के बल्लेबाजों को हमेशा परेशान किया है। उनका स्ट्राइक रेट इस मुकाबले में बेहद खतरनाक रहता है।
सवाई मानसिंह स्टेडियम का मिजाज
जयपुर की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों और स्पिनर्स दोनों के लिए मददगार रहती है। यहां का मैदान बड़ा होने के कारण छक्के लगाना उतना आसान नहीं होता, जिससे बाउंड्री पर कैच होने की संभावना बढ़ जाती है। राजस्थान को अपने घरेलू दर्शकों का भरपूर समर्थन मिलेगा, जो उनके लिए 12वें खिलाड़ी का काम करेगा।












Click it and Unblock the Notifications