RR IPL 2026: ऑक्शन से पहले राजस्थान में दिग्गज की एंट्री, जडेजा के बाद अब इस धुरंधर को मिली बड़ी जिम्मेदारी
RR IPL 2026 News: आईपीएल 2026 सीजन से पहले राजस्थान रॉयल्स ने एक बड़ा ऐलान किया है। टीम ने श्रीलंका के दिग्गज क्रिकेटर कुमार संगकारा को फिर से टीम का मुख्य कोच नियुक्त कर दिया है। फ्रेंचाइजी ने सोमवार को इसकी पुष्टि की। राजस्थान की टीम ने ऑक्शन से पहले ही आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी ट्रेड में से एक कर फैंस के बीच हलचल पैदा करने का काम किया।
कुमार संगकारा को मिली नई जिम्मेदारी (RR IPL 2026 News)
राजस्थान के लिए कुमार संगकारा 2021 से 2024 तक इस पद पर अपनी सेवाएं दे चुके थे और पिछले साल उन्हें 'डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट' बना दिया गया था। अब फिर से कोचिंग की कमान संभालेंगे। वह राहुल द्रविड़ की जगह लेंगे, जिन्होंने आईपीएल 2025 सीजन में जयपुर की फ्रेंचाइजी के साथ अपने दूसरे कार्यकाल को पूरा किया था। अपने पहले कोचिंग कार्यकाल के दौरान संगकारा ने रॉयल्स के 17 साल के इंतजार को खत्म करते हुए टीम को साल 2022 में आईपीएल फ़ाइनल तक पहुंचाया था। हालांकि, टीम उपविजेता रही थी।

RR के मालिक ने जताई खुशी
रॉयल्स के मुख्य मालिक मनोज बडाले ने संगकारा की वापसी पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि कुमार को हेड कोच के रूप में वापस पाकर हम बहुत उत्साहित हैं। टीम के साथ उनकी जान-पहचान, उनका नेतृत्व और रॉयल्स की संस्कृति की उनकी गहरी समझ हमारे लिए फायदेमंद का साबित हो सकता है। राजस्थान में फिर से जुड़ने पर कुमार संगकारा ने भी अपनी बात कही है।
क्या है राजस्थान का आगे का प्लान
हेड कोच के रूप में अपनी वापसी पर संगकारा ने कहा कि मैं हेड कोच के रूप में लौटने और इस टीम के साथ काम जारी रखने के लिए सम्मानित महसूस कर रहा हूं। एक मजबूत कोचिंग टीम के साथ हमारा ध्यान खिलाड़ियों को बेहतरीन तरीके से तैयार करने पर है। एक ग्रुप के रूप में हम कहां जाना चाहते हैं, इसकी हमें स्पष्ट समझ है और हमारा लक्ष्य एक ऐसी टीम बनाना है जो स्पष्टता, जुझारूपन और उद्देश्य के साथ खेले।
कोचिंग और टीम में बड़े बदलाव
संगकारा की वापसी के साथ कोचिंग स्टाफ में भी अहम बदलाव किए गए हैं। विक्रम राठौर को अब लीड असिस्टेंट कोच बनाया गया है, जबकि ट्रेवर पेनी और सिड लाहिड़ी क्रमशः असिस्टेंट कोच और परफॉर्मेंस कोच के रूप में वापस आ गए हैं। शेन बॉन्ड तेज गेंदबाजी कोच के रूप में अपनी भूमिका जारी रखेंगे।












Click it and Unblock the Notifications