IND vs AFG: तीसरे T20I में हो सकता था बड़ा बवाल, आखिर किस बात पर आमने-सामने आए रोहित और नबी? देखें Video
IND vs AFG 3rd T20I Highlights: रोहित शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20I सीरीज के अंतिम मैच के दौरान अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ 121 रन का स्कोर बनाया, लेकिन उनका काम यहीं खत्म नहीं हुआ, क्योंकि ये मैच दो सुपर ओवरों के बाद नतीजे तक पहुंचा। इस दौरान एक पल ऐसा भी आया जब कप्तान रोहित शर्मा और मोहम्मद नबी आमने-सामने आ गए।
अफगानिस्तान के खिलाफ आखिरी मैच में भारत ने आखिर तक धैर्य बनाए रखा और दूसरा सुपर ओवर जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली, लेकिन लक्ष्य तक पहुंचने से पहले काफी ड्रामा हुआ। रोहित और नबी के बीच ये विवाद तब देखने को मिला पहले सुपर ओवर में मोहम्मद नबी और रहमनुल्लाह गुरबाज ने तीन रन दौड़े।

यह अफगानिस्तान की पारी के पहले सुपर ओवर की आखिरी गेंद थी। पिछली गेंद पर नबी को छक्का देने के बाद, भारत के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार ने बेहतरीन वाइड यॉर्कर को अंजाम देने के लिए अच्छी वापसी की। नबी गेंद पर बल्ला लगाने में नाकाम रहे।
इस दौरान नॉन-स्ट्राइकर रहमानुल्लाह गुरबाज ने सिंगल चुराने की कोशिश की। भारत के विकेटकीपर संजू सैमसन ने थ्रो फेंका, जो नबी के पैड पर लगा और दूसरी ओर से गुरबाज दौड़ते हुए आए और एक और रन पूरा कर लिया। इस दौरान गेंद लॉन्ग ऑन की तरफ चली गई, जहां विराट कोहली खड़े थे।
कप्तान रोहित शर्मा ने अपील की और बताया कि पैड पर लगने के बाद गेंद गई है। वीडियो देखने से रोहित शर्मा और मोहम्मद नबी की बातचीत में हल्की गर्मागर्मी भी नजर आएगी। हालांकि, अच्छी बात ये रही कि कोई बड़ा विवाद नहीं हुआ। नबी अपनी जिद पर अड़े रहे और दो रन अफगानिस्तान के खाते में जोड़े गए। अफगानिस्तान को सुपर ओवर में दो अतिरिक्त बाई मिलीं जिससे उनका कुल स्कोर 16 हो गया।
वहीं दूसरी ओर भारत के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने कप्तान रोहित शर्मा और अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी के बीच मैदान पर हुई तीखी बहस को ज्यादा तवज्जो नहीं देते हुए कहा कि बेंगलुरु में तीसरे और अंतिम टी20 मैच में जोश देखना अच्छा लगा। उन्होंने कहा कि, हाई स्कोरिंग मुकाबला टाई पर समाप्त होने और सुपर ओवर में चले जाने से टेंपरेचर बढ़ गया था।












Click it and Unblock the Notifications