विराट की ये चीज रोहित के पास होती, तो वे ODI में 5-6 डबल सेंचुरी लगा देते, 'ये तुलना नहीं, सच है'
नई दिल्ली, 15 सितंबर: रोहित शर्मा और विराट कोहली के बीच अगर तुलना हो तो आप किसको बेहतर बल्लेबाज बताएंगे? सबकी अपनी राय हो सकती है। रोहित प्रतिभा के मामले में विराट कोहली से आगे निकल जाते हैं लेकिन भारत के पूर्व कप्तान हिटमैन से फिटनेस में मीलों आगे रहते हैं। कोहली ने इस फिटनेस के दम पर अपनी बल्लेबाजी को भी बेहतर बनाने में कामयाबी हासिल की है तो वहीं रोहित शर्मा अपनी नायाब प्रतिभा के दम पर क्रिकेट के मैदान पर राज कर रहे हैं।

रोहित की बैटिंग का अलग ही नजारा होता है
रोहित वह खिलाड़ी है जिन्होंने वनडे क्रिकेट में तीन डबल सेंचुरी मारी है और वे ऐसा करने वाले अकेले क्रिकेटर हैं। उनका हाईएस्ट वनडे स्कोर भी वर्ल्ड रिकॉर्ड से कम नहीं है जो 264 रन है। रोहित ने 4 T20 इंटरनेशनल शतक भी लगाए हैं और वे अकेले ऐसे क्रिकेटर हैं जिसने एक वनडे वर्ल्ड कप के सिंगल एडिशन में 5 शतक ठोके हैं। रोहित के बल्लेबाजी करने के अंदाज से ही आप उनके फैन हो जाते हैं। जिस तरीके से वे 145 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से निकली शार्ट पिच गेंद को भी आराम से डीप स्क्वायर लेग बाउंड्री पर भेज देते हैं, और वह भी फ्रंट फुट पर, वह अपने आप में एक अलग ही नजारा होता है।

अगल लीजेंड की कतार में नहीं आते तो इसका कारण है टेस्ट क्रिकेट
या फिर वाइड गेंद पर किया गया उनका कट हो, जिसे पॉइंट के फीडर के ऊपर भेजकर बाउंड्री पर रनों की बौछार करते हैं, वह भी हमारी आंखों के लिए एक सुकून देने वाली चीज है। इन सभी खूबसूरत चीजों के बावजूद रोहित शर्मा अगर विराट कोहली, बाबर आजम, स्टीव स्मिथ, जो रूट और केन विलियमसन जैसे बल्लेबाजी लीजेंड की कतार में नहीं आते तो इसका कारण है टेस्ट क्रिकेट। टेस्ट क्रिकेट में रोहित का उभार थोड़ा लेट से हुआ है जिसके चलते वे अभी सर्वकालिक महानता की लिस्ट से काफी दूर हैं।

कोहली के सामने रोहित भारी भरकम नजर आते हैं
वह सफेद गेंद क्रिकेट में दुनिया के सर्वकालिक महानतम बल्लेबाजों में अभी से शामिल है लेकिन ओवरऑल ग्रेटेस्ट में दर्जा तब दिया जाता है जब आपने टेस्ट क्रिकेट में भी कुछ महत्वपूर्ण हासिल किया हो। हमने पिछले कुछ सालों से रोहित की बल्लेबाजी को लगातार ताकतवर होते देखा है लेकिन उनके शरीर में काफी बदलाव आए हैं। अगर आप खुली आंखों से देखेंगे तो विराट कोहली के सामने रोहित काफी भारी भरकम नजर आते हैं., शायद थोड़े थुलथुले भी हैं। अगर यही स्थिति विराट कोहली के साथ होती तो वे निश्चित तौर पर कुछ भी करते, लेकिन अपने ऊपर चढ़ा यह अतिरिक्त वजन कम जरूर करते।

सलमान बट्ट को अपने बयान पर सफाई देनी पड़ी
हालांकि रोहित ऐसा करने को लेकर चिंतित नहीं दिखाई देते हैं और ना ही उनकी फिटनेस की वजह से कभी उनकी बल्लेबाजी या फील्डिंग प्रभावित हुई है लेकिन निश्चित तौर पर बातें बनाने वाले लोगों के लिए इसने मसाला जरूर दे दिया है। आलोचक उनको अक्सर ट्रोल करते रहते हैं। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान बट ने भी रोहित और विराट के बीच जो अपना नजरिया पेश किया उसने रोहित की फिटनेस को एक बार फिर से उजागर किया। सलमान बट्ट की इस बात ने चर्चा कितनी बटोरी कि इस बाएं हाथ के बल्लेबाज को फिर से अपने बयान पर स्पष्टीकरण देने के लिए सामने आना पड़ा।

तो वे पांच से छह डबल हंड्रेड तक लगा चुके होते
बट्ट ने जो बात कही थी उसमें वे रोहित शर्मा फैन तो दिखाई दे रहे थे लेकिन साथ ही हिटमैन की फिटनेस पर भी थोड़ी आलोचना कर रहे थे। पाकिस्तान के पूर्व बाएं हाथ के ओपनिंग बल्लेबाज ने रोहित शर्मा को दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स के साथ कंपेयर किया था। उन्होंने बुधवार को अपने बयान को फिर से स्पष्ट करने की कोशिश की है लेकिन साथ ही कहा है अगर रोहित शर्मा की फिटनेस बेहतर होती तो वे पांच से छह डबल हंड्रेड तक लगा चुके होते।

रोहित अगर कोहली की तुलना में आधे फिट भी होते
सलमान बट ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, अगर आप थोड़ा पीछे जाते हैं और उसी क्लिप को दोबारा देखते हैं तो आप जान जाएंगे। मैं तुलना में विश्वास नहीं रखता। किसी ने बाबर आजम और रिजवान के बारे में बात की। मुझे यह नहीं पता कि सवाल पक्के तौर पर क्या किया था लेकिन मेरे बयान के पीछे यही बात थी कि बाबर और रिजवान दोनों ने हीं रोहित की तुलना में आधा क्रिकेट भी नहीं खेला है। तो ऐसे में कोई तुलना बनती ही नहीं है। लेकिन रोहित अगर कोहली की तुलना में आधे फिट भी होते तो वे बाकी खिलाड़ियों से एक क्लास आगे होते।

आस्ट्रेलिया के खिलाफ तैयारी कर रहे हैं
"वे पहले से ही जबरदस्त हैं। मेरा कहने का मतलब यह है कि अभी रोहित शर्मा के 2-3 दोहरे शतक हैं। हो सकता है अच्छी फिटनेस होने पर वे पांच-छह हो जाते। ऐसा होता तो रोहित की क्वालिटी में अलग ही लेवल जुड़ जाता।"
आपको बता दें रोहित शर्मा फिलहाल आस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू होने वाली घरेलू सीरीज के लिए तैयारी कर रहे हैं जो 20 सितंबर से शुरू होने जा रही है और उसके बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 28 सितंबर से भी T20 सीरीज शुरू होगी। भारत को T20 वर्ल्ड कप से पहले अपनी बेस्ट प्लेइंग इलेवन को फाइनल करने के लिए यह छह मुकाबले खेलने के लिए मिल रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications