वर्ल्ड कप में पाकिस्तानी गेंदबाजों पर जमकर बरसे रोहित शर्मा, 100 मिलियन से ज्यादा बार देखा गया वीडियो
Rohit Sharma's Hundred vs Pakistan: भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने साल 2019 वर्ल्ड कप में पांच शतक जड़ने का कारनामा किया था। इस दौरान उन्होंने एक शतक पाकिस्तान के खिलाफ भी जड़ा था।

Rohit Sharma's Hundred vs Pakistan: भारतीय टीम के विस्फोटक ओपनर रोहित शर्मा का बल्ला विरोधी टीमों के खिलाफ अक्सर हल्ला बोलता है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान भी रोहित शर्मा टीम को तेज शुरुआत दिलाने में सफल रहे थे। लेकिन वह अपनी छोटी पारी को बड़ी बनाने में नाकाम रहे। रोहित शर्मा ने साल 2019 वर्ल्ड कप के दौरान पांच शतक जड़कर एक नया इतिहास रचने का काम किया था।
पाकिस्तान के खिलाफ जड़ा था शतक
वर्ल्ड कप मैचों में पाकिस्तान के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड शानदार रहा है। वनडे वर्ल्ड कप में दोनों टीमें सात बार आमने-सामने आई हैं और सातों मैचों में टीम इंडिया ने जीत हासिल की है। हालांकि, टी-20 वर्ल्ड कप में पहली बार टीम को साल 2021 के दौरान दुबई के मैदान पर हार का सामना करना पड़ा। 2019 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ रोहित शर्मा ने 140 रन की यादगार पारी खेली थी।
आईसीसी यू-टयूब पेज पर खूब देखा गया वीडियो
रोहित शर्मा की इस पारी का वीडियो आईसीसी यू-टयूब पेज पर खूब देखा गया है। इतिहास में पहली बार आईसीसी यू-ट्यूब पर अपलोड किसी वीडियो को 100 मिलियन से अधिक बार देखा गया है। आईसीसी ने खुद इस बात की जानकारी दी है कि पाकिस्तान के खिलाफ रोहित शर्मा के 140 रनों की पारी को फैंस ने सबसे अधिक बार देखा है। इंग्लैंड में खेला गया भारत-पाकिस्तान का यह मुकाबला काफी रोमांचक रहा था।
पाकिस्तान को मिली थी 89 रन से हार
इस मैच में रोहित शर्मा के अलावा विराट कोहली ने 77 रन और केएल राहुल ने 57 रन की पारी खेली थी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 336 रन बनाए थे। इसके बाद 337 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम 40 ओवर में 212 रन ही बना सकी और डकवर्थ लुईस नियम के मुताबिक 89 रन से मैच हार गई थी। भारत साल 2019 के दौरान वर्ल्ड कप में सबसे ताकतवर टीम के रूप में सामने आई थी। लेकिन सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम को हार मिली और भारत का वर्ल्ड कप जीतने का सपना टूट गया।












Click it and Unblock the Notifications