रोहित शर्मा या रचिन रविन्द्र, 30 ODI के बाद किसका रिकॉर्ड बेहतर? कौन है दोनों में आगे
Rohit Sharma and Rachin Ravindra: भारत और न्यूजीलैंड के बीच चैम्पियंस ट्रॉफी में मुकाबला खेला जाना है। टीम इंडिया के खिलाफ कीवी टीम का मैच रविवार को दुबई में है। भारतीय टीम ने अब तक खेले गए अपने दोनों मैचों में जीत दर्ज की है। उधर कीवी टीम ने भी अपने दोनों मुकाबलों में जीत प्राप्त की है।
चैम्पियंस ट्रॉफी लीग चरण का यह अंतिम मैच है। कीवी टीम से रचिन रविन्द्र ने पिछले मुकाबले में बेहतरीन शतकीय पारी खेली थी। ऐसे में टीम इंडिया के लिए उनको खतरा माना जा रहा है। कम समय में ही रविन्द्र ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी छाप छोड़ने में सफलता पाई है।

भारतीय टीम के धांसू ओपनर बल्लेबाज रोहित शर्मा टीम को तेज शुरुआत दिलाने के लिए जाने जाते हैं। रोहित शर्मा के बल्ले से रनों की उम्मीद की जा सकती है। रचिन रविन्द्र और रोहित शर्मा के बीच 30 एकदिवसीय मैचों का एक तुलनात्मक अध्ययन किया गया है। रविन्द्र ने अब तक 30 ही वनडे खेले हैं।
रचिन रविन्द्र के आंकड़े
एकदिवसीय क्रिकेट में इस कीवी बल्लेबाज ने कुल 30 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उनको 26 पारियों में बल्लेबाजी करने का मौका मिला है। उन्होंने 1082 रन बनाए हैं। 4 फिफ्टी और 4 शतक जड़ने वाले रविन्द्र का औसत 43 का रहा है। यहाँ उनका स्ट्राइक रेट काफी अहम है, उन्होंने 109 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। नाबाद 123 रन उनका बेस्ट स्कोर है।
रोहित शर्मा के आंकड़े
शुरुआती दौर में रोहित शर्मा सफल नहीं थे। इसके पीछे एक कारण भी था, वह ऊपरी क्रम में बल्लेबाजी नहीं करते थे। 30 मैचों की 29 पारियों में रोहित शर्मा को बैटिंग करने का मौका मिला और वह 6 बार नाबाद भी रहे। उन्होंने कुल 557 रन बनाए और 4 अर्धशतकीय पारियां खेली। औसत भी उनका महज 24 का रहा।
रोहित और रचिन में कौन है आगे
इन आंकड़ों के आधार पर साफ़ कह सकते हैं कि शुरुआती दौर के बाद रचिन रविन्द्र ही आगे हैं। उनका औसत, रनों की संख्या आदि ज्यादा है। इसके अलावा रोहित ने उस समय तक कोई भी सैकड़ा नहीं जमाया था लेकिन रचिन रविन्द्र ने चार बार ऐसा कर दिखाया। रोहित शर्मा काफी पीछे हैं।












Click it and Unblock the Notifications