'मेरे मना करने पर भी वीडियो बनाकर चलाया गया,' स्टार स्पोर्ट्स पर भड़के रोहित शर्मा ने किया चौंकाने वाला खुलासा
Rohit Sharma: केकेआर के खिलाफ मुंबई इंडियंस के मैच से पहले रोहित शर्मा का एक निजी वीडियो रिकॉर्ड होकर वायरल हुआ था। इसे स्टार स्पोर्ट्स ने चलाया था। रोहित शर्मा की यह बातचीत केकेआर के सहायक कोच अभिषेक नायर के साथ हो रही थी। केकेआर ने भी इसे रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया और बाद में डिलीट किया। स्टार स्पोर्ट्स ने इसे टीवी पर चला दिया था।

मुंबई का अभियान समाप्त होने के बाद अब रोहित शर्मा ने स्टार स्पोर्ट्स के ऊपर अपना गुस्सा निकाला है और जमकर खरी-खोटी भी सुनाई है। रोहित शर्मा ने कहा कि चैनल ने उनकी निजता का उल्लंघन किया है। उनके कहने के बाद भी चैनल ने वीडियो बनाया और चैनल पर भी चलाया। मेरी प्राइवेट बातचीत के दौरान यह वीडियो बना दिया गया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रोहित ने लिखा कि क्रिकेटरों की जिंदगी इतनी दखलंदाज़ी वाली हो गई है कि कैमरे अब हमारे हर कदम और बातचीत को रिकॉर्ड कर रहे हैं जो हम अपने दोस्तों और सहकर्मियों के साथ, ट्रेनिंग के दौरान या मैच के दिनों में एकांत में कर रहे हैं।
भारतीय कप्तान ने आगे लिखा कि स्टार स्पोर्ट्स से मेरी बातचीत रिकॉर्ड नहीं करने का बोलने के बाद भी उन्होंने वीडियो बनाकर ऑन एयर कर दिया। यह निजता का उल्लंघन है। विशेष कंटेंट और व्यूज को ध्यान में रखकर चलाई गई चीजों से एक दिन क्रिकेटरों, फैन्स और क्रिकेट के बीच भरोसा टूट जाएगा।
गौरतलब है कि ट्रेनिंग के दौरान रोहित शर्मा और अभिषेक नायर बात कर रहे थे। रोहित ने मुंबई इंडियंस को मंदिर बताते हुए कहा कि इस मंदिर को मैंने बनाया है। अब यहाँ एक-एक चीज बदल रही है। मेरा क्या है भाई, अब मेरा तो यह लास्ट है। रोहित और नायर की यह बातचीत रिकॉर्ड कर ली गई थी।
इसके बाद हर तरफ यही कयास लगाए जा रहे थे कि मुंबई इंडियंस को रोहित शर्मा छोड़ देंगे और अगले सीजन किसी अन्य टीम की तरफ से खेलते हुए दिखाई देंगे। रोहित शर्मा के फैन्स भी उनको टीम छोड़ने की सलाह दे चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications