ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम की महिला खिलाड़ी अमांडा वेलिंग्टन के घर में घुसे लुटेरे, चोरी कर लिया यह सामान
ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी अमांडा वेलिंग्टन के घर चोरी हुई है। उन्होंने ट्विटर पर एक पोस्ट के जरिए अपना दुख दर्द बयां किया और फैंस से भी मदद मांगी है।
ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी अमांडा वेलिंग्टन हाल ही में सूर्यकुमार यादव के एक ट्वीट पर रिप्लाई देने को लेकर सुर्खियों में आई थीं। उसके बाद से अमांडा की फैन फॉलोइंग में काफी इजाफा हुआ है। यह महिला खिलाड़ी अब एकबार फिर सुर्खियों का हिस्सा है, लेकिन इस बार इसकी वजह है उनके साथ हुआ एक हादसा, जिसके बारे में उन्होंने ट्विटर पर जानकारी दी है। दरअसल, अमांडा वेलिंग्टन के घर में कुछ लुटेरों ने लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया है। अमांडा ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर दी है।

अमांडा ने की लोगों से अपील
25 वर्षीय इस महिला खिलाड़ी ने कहा है कि उनके घर में कुछ लुटेरों ने घुसपैठ कर घर का कुछ सामान लूट लिया है, जिसमें क्रिकेट किट भी शामिल है। अमांडा ने ट्विटर पर लोगों से अपील की है कि मेरे घर से चोरी हुआ सामान अगर कहीं बिकता हुआ पाया जाता है तो उन्हें जरूर सूचित करें। अमांडा ने अपने ट्वीट में कहा है, "घर में घुसपैठ और लूटपाट हुई है। अगर आपको कोई भी वेलिंग्टन- सदर्न ब्रेव- स्कॉर्पियन, स्ट्राइकर्स, ऑस्ट्रेलियन या GM (नाम वाला) सामान बिकता हुआ दिखे, तो कृपया मुझे बताएं।"
आपको बता दें कि अमांडा वेलिंग्टन इन दिनों महिला बिग बैश लीग में खेल रही हैं। अमांडा ऑस्ट्रेलिया और एडिलेड स्ट्राइकर्स के अलावा, इंग्लैंड की द हंड्रेड में सदर्न ब्रेव के लिए खेलती हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया के घरेलू क्रिकेट में साउथ ऑस्ट्रेलिया स्कॉर्पियन्स के लिए खेलती हैं। लेग स्पिनर अमांडा ने हाल ही में महिला बिग बैश लीग में स्ट्राइकर्स को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने फाइनल में 1 विकेट समेत पूरे टूर्नामेंट में 16 मैचों में 23 शिकार किए थे और तीसरी सबसे सफल गेंदबाज थीं।
अमांडा वेलिंग्टन कुछ दिन पहले सूर्यकुमार यादव के एक ट्वीट पर रिप्लाई करने के बाद सुर्खियों में भी आई थीं। दरअसल, उन्होंने सूर्या के उस ट्वीट पर रिप्लाई दिया था, जिसमें सूर्या ने वेलिंग्टन पहुंचने की जानकारी दी थी। सूर्या ने अपने ट्वीट में कहा था, "हेलो वेलिंग्टन"। अमांडा ने सूर्या के इस ट्वीट का रिप्लाई देते हुए कहा था, "हेलो यादव"।












Click it and Unblock the Notifications