Rishabh Pant की मुंबई में होगी सर्जरी, BCCI ने लिया एक बड़ा फैसला
ऋषभ पन्त को एयरलिफ्ट कर मुंबई लाया गया है। यहां उनको बेहतर इलाज मिलेगा। लिगामेंट टियर के लिए ऋषभ पन्त की सर्जरी भी की जानी है।

Rishabh Pant: ऋषभ पन्त के इलाज की जिम्मेदारी अब बीसीसीआई ने अपने कन्धों पर ली है। पन्त को देहरादून से एयरलिफ्ट कर मुंबई लाया गया। वहां बीसीसीआई की मेडिकल टीम भी उनके ऊपर निगरानी रखेगी। पन्त को घुटने के लिगामेंट में चोट लगी है। उसकी सर्जरी भी होनी है। बीसीसीआई ने बेहतर मेडिकल सुविधाएं मुहैया कराने के लिए ऋषभ पन्त को देहरादून से मुंबई लाने का निर्णय लिया था। बोर्ड के सेक्रेटरी जय शाह ने कहा है कि ऋषभ पन्त की सर्जरी मुंबई में होगी।
जय शाह ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि ऋषभ पन्त को मुंबई के कोकिलाबेन धीरुभाई अम्बानी अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। वहां सेंटर फॉर स्पोर्ट्स मेडिसिन के डायरेक्टर डॉक्टर डिनशॉ उनको सुपरवाइज करेंगे। बाद में ऋषभ पन्त के लिगामेंट टियर की सर्जरी होगी। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनके ऊपर नज़र रखेगी। उनकी रिकवरी में तेजी लाने के लिए बोर्ड हर संभव प्रयास करेगा और पन्त की पूरी सहायता करेगा।
गौरतलब है कि बुधवार को बीसीसीआई ने ऋषभ पन्त को देहरादून से एयरलिफ्ट करते हुए मुंबई लाने का निर्णय लिया था। पन्त को लेकर जाने का वीडियो भी वायरल हुआ है। यह भी कहा जा रहा है कि अगर जरूरत पड़ती है, तो इस विकेटकीपर बल्लेबाज को भारत से बाहर किसी अन्य देश में भी लेकर जाया जा सकता है।
ऋषभ पन्त को फिट होने में लगेगा समय
चोट के कारण पन्त को फिट होने में समय लगेगा। लिगामेंट सर्जरी के बाद वापस मैदान पर आने के लिए उनको 3 से 6 माह का समय लगेगा। इससे ज्यादा टाइम भी लग सकता है। ऑस्ट्रेलिया की टीम फरवरी-मार्च में भारतीय सरजमीं पर टेस्ट सीरीज खेलने वाली है। ऋषभ पन्त इसमें नहीं खेल पाएंगे। इसके अलावा आईपीएल में भी पन्त अब भाग नहीं ले पाएंगे।
दिल्ली कैपिटल्स के लिए बड़ा झटका
पन्त का नहीं होना दिल्ली कैपिटल्स के लिए एक बड़ा झटका है। ऋषभ पन्त दिल्ली के कप्तान हैं। ऐसे में कैपिटल्स के लिए यह बड़ा झटका है। अब दिल्ली को किसी दूसरे खिलाड़ी का नाम बतौर कप्तान घोषित करना पड़ेगा। सौरव गांगुली टीम के क्रिकेट डायरेक्टर हैं। देखना होगा कि किस खिलाड़ी को कप्तान बनाया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications