IND vs ENG: आखिरी वनडे में आया ऋषभ पंत का तूफान, मैनचेस्टर में रिकॉर्ड्स की बारिश
मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए तीसरे वनडे मैच में भारत ने इंग्लैंड को 5 विकेट से हराकर सीरीज अपने नाम की।
मैनचेस्टर, जुलाई 18। मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए तीसरे वनडे मैच में भारत ने इंग्लैंड को 5 विकेट से हराकर सीरीज अपने नाम की। भारत ने 8 साल बाद इंग्लैंड को उसी के घर में हराकर वनडे सीरीज जीती। इस ऐतिहासिक जीत में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने तूफानी खेली। दरअसल, पंत ने अपने वनडे करियर का पहला शतक जड़ा। उन्होंने 113 गेंदों पर नाबाद 125 रनों की पारी खेली। पंत ने हार्दिक पांड्या के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 133 रनों की साझेदारी की। इसके साथ ही उन्होंने कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किए।

द्रविड़ के क्लब में शामिल हुए
मैनचेस्टर में पंत की नाबाद 125 रन की पारी ने कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किए। वह अब एशिया के बाहर वनडे में शतक लगाने वाले तीसरे नियमित या अनियमित विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। ऋषभ से पहले 1999 में राहुल द्रविड़ और 2020 में केएल राहुल यह कारनामा कर चुके हैं। वर्तमान में भारतीय क्रिकेट टीम के कोच द्रविड़ ने 1999 में टॉन्टन में श्रीलंका के खिलाफ 145 रन जड़े थे। वहीं सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ माउंट माउंगानूई में 112 रन की पारी खेली थी। इंग्लैंड के खिलाफ शतक लगाने के बाद ऋषभ पंत भी इस लिस्ट में शामिल हो गए हैं।
एशिया के बाहर भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज द्वारा शतक
- राहुल द्रविड़, 145 रन बनाम SL- टॉन्टन, 1999
- केएल राहुल, 112 रन बनाम NZ- माउंट माउंगानूई, 2020
- ऋषभ पंत, 125* रन बनाम ENG- मैनचेस्टर, 2022

बनाया यह खास रिकॉर्ड
इंग्लैंड के खिलाफ शतक जड़ने के साथ ही ऋषभ पंत ने भारत से बाहर एक खास रिकॉर्ड अपने नाम किया है। वह क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में विदेश में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। पंत ने विदेश जमीं पर टेस्ट में नाबाद 159 रन जड़े हैं। वहीं भारत से वनडे में उन्होंने नाबाद 125 और टी20 में नाबाद 65 रन की पारी खेली है।
विदेशी जमीन पर भारतीय विकेटकीपर का सबसे बड़ा स्कोर
- टेस्ट: ऋषभ पंत- 159* रन
- वनडे: ऋषभ पंत- 125* रन
- टी-20: ऋषभ पंत- 65* रन

पांड्या-पंत के बीच शतकीय साझेदारी
तीसरे वनडे में ऋषभ पंत ने शानदार शतक जड़ा तो हार्दिक पांड्या ने 71 रनों की तूफानी पारी खेली। दोनों के बीच हुई शतकीय साझेदारी ने भारत को जीत दिलाई। भारत के लिए इंग्लैंड में 5वें विकेट के लिए सबसे ज्यादा रनों की साझेदारी के मामले में पंत और पांड्या की जोड़ी चौथे स्थान पर आ गई है। आखिरी वनडे में इन दोनों खिलाड़ियों के बीच 133 रनों की साझेदारी हुई। इस मामले में महेंद्र सिंह धोनी और सुरेश रैना की जोड़ी पहले नंबर पर है। 2011 में दोनों ही खिलाड़ियों के बीच 169 रनों के साझेदारी हुई थी। इसके बाद 2014 में धोनी-रैना के बीच 144 रनों की पार्टनरशिप हुई।
इंग्लैंड में 5वें विकेट के लिए सबसे बड़ी पार्टनरशिप
- एमएस धोनी-सुरेश रैना, 2011: 169
- एमएस धोनी-सुरेश रैना, 2014: 144
- अजय जडेजा-आर सिंह, 1999: 141
- हार्दिक पांड्या-ऋषभ पंत, 2022: 133

इंग्लैंड दौरे पर पंत का प्रदर्शन
भारत के इंग्लैंड दौरे पर सबसे पहले रिशेड्यूल टेस्ट मैच खेला गया। इस टेस्ट की पहली पारी में पंत ने 111 गेंदों पर 146 तो दूसरी पारी में 86 गेंदों पर 57 रन बनाए। इसके बाद पंत समेत कई खिलाड़ियों को पहले टी20 के लिए आराम दिया गया। दूसरे टी20 में उन्होंने 15 गेंदों पर 26 रन और तीसरे में 5 गेंदों पर 1 रन बनाया। वनडे सीरीज का पहला मैच भारत 10 विकेट से जीता, ऐसे में ऋषभ को बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला। सीरीज के दूसरे मैच में वह खाता भी नहीं खोल सके। तीसरे और निर्णायक वनडे में पंत ने 113 गेंदों पर 125 रन बनाकर भारत को सीरीज जिता दी।












Click it and Unblock the Notifications