'ऐसा लग रहा है जैसे मैं...,' IPL 2024 से पहले भावुक हुए ऋषभ पंत, DC कैंप में शामिल होते ही कही ये बड़ी बात
Rishabh Pant: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 का आगामी सीजन दिन-ब-दिन नजदीक आता जा रहा है। आईपीएल के शेड्यूल का ऐलान होने के बाद फैंस अब एक्शन से भरपूर मैचों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। टूर्नामेंट का पहला मैच 22 मार्च को खेला जाएगा। इस बीच टूर्नामेंट से पहले ऋषभ पंत दिल्ली कैंप में शामिल हो चुके हैं।
ऋषभ पंत ने कहा है कि 13 मार्च को दिल्ली कैपिटल्स आईपीएल 2024 प्री-सीजन कैंप में शामिल होने के बाद ऐसा महसूस हो रहा है कि वह एक बार फिर डेब्यू कर रहे हैं। दिसंबर 2022 में अपनी कार दुर्घटना के बाद मैदान से दूर रहे पंत को 12 मार्च को बीसीसीआई ने क्लीन चिट दे दी थी। विकेटकीपर-बल्लेबाज के अब 14 महीने के गहन रिहैब और रिकवरी के बाद वापसी की उम्मीद है।

'ऐसा लगता है जैसे मैं फिर से डेब्यू करने जा रहा हूं'
पंत अब विजाग में टीम में शामिल हो गए हैं क्योंकि वे आईपीएल 2024 अभियान के लिए तैयार हैं। आईपीएल के आगामी सीजन के लिए बीसीसीआई द्वारा फिट घोषित किए जाने पर स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने कहा कि, 'मैं एक ही समय में उत्साहित और घबराया हुआ हूं। ऐसा लगता है जैसे मैं फिर से डेब्यू करने जा रहा हूं।' भावुक पंत ने आगे कहा कि फिर से क्रिकेट खेलना एक चमत्कार जैसा लगता है, पंत ने रिकवरी के बाद फैंस और बीसीसीआई और राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी के कर्मचारियों को धन्यवाद दिया, जिन्होंने रिकवरी के दौरान उनकी हेल्प की।
पंत ने सभी का किया धन्यवाद
भावुक पंत ने कहा कि, 'मैं जो कुछ झेल चुका हूं उसके बाद फिर से क्रिकेट खेलने में सक्षम होना किसी चमत्कार से कम नहीं है।' 'मैं अपने सभी शुभचिंतकों और प्रशंसकों और सबसे महत्वपूर्ण, बीसीसीआई और एनसीए के कर्मचारियों का आभारी हूं। उनका सारा प्यार और समर्थन मुझे अपार शक्ति देता रहता है।'
23 मार्च को होगा दिल्ली का पहला मैच
पंत ने आगे कहा कि, 'मैं दिल्ली कैपिटल्स और आईपीएल में वापसी के लिए उत्साहित हूं- एक ऐसा टूर्नामेंट जिसका मैं बहुत आनंद लेता हूं। हमारी टीम के मालिक और सहयोगी स्टाफ हर कदम पर अपने पूर्ण समर्थन, मार्गदर्शन और सहयोग के साथ मेरे साथ रहे हैं, जिसके लिए मैं बहुत आभारी हूं। मैं अपने डीसी परिवार के साथ फिर से जुड़ने और प्रशंसकों के सामने फिर से खेलने का इंतजार नहीं कर सकता।' डीसी अपने आईपीएल 2024 अभियान की शुरुआत मोहाली में 23 मार्च को पंजाब किंग्स से करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications