'माता रानी कृपा करें', पाकिस्तान में भी ऋषभ पंत की सलामती के लिए मांगी जा रही दुआएं
Rishabh Pant Car Accident: ऋषभ पंत को लेकर दुनियाभर के क्रिकेटर्स दुआएं कर रहे हैं। पाकिस्तान के भी कुछ क्रिकेटरों ने पंत की सलामती की दुआएं मांगी है।

Rishabh Pant Car Accident: भारत के विकेटकीपर ऋषभ पंत के लिए मुश्किल समय चल रहा है। भारतीय टीम से बाहर होने के बाद पंत अब एक बड़े हादसे का शिकार हो गए हैं। उत्तराखंड के रुड़की के पास एक कार दुर्घटना में ऋषभ पंत बुरी तरह जख्मी हो गए। जिसके बाद उन्हें अस्पताल इलाज के लिए भेज दिया गया है। पंत के फैंस लगातार अपने चैंपियन खिलाड़ी के लिए दुआएं मांग रहे हैं।
मेडिकल टीम कर रही है ऋषभ पंत की जांच
ऋषभ पंत खुद कार ड्राइव कर अपनी मां से मिलने जा रहे थे। उन्होंने खुद के आने की खबर तक किसी को नहीं दी थी। वह वहां पहुंचकर मां को सरप्राइज देना चाहते थे। नए साल पर अपने परिवार के साथ समय बिताने का प्लान पंत ने बना रखा था। लेकिन सुबह घने कोहरे के बीच उनकी आंखों ने झपकी ली और कार जाकर खंभे से टकरा गई। पंत खुशकिस्तम रहे कि इतने बड़े हादसे से वह बच निकले।
दानिश कनेरिया का ट्वीट वायरल
पंत के घायल होने की खबर सामने आने के बाद से ही वीरेंद्र सहवाग से लेकर इरफान पठान तक पंत की हेल्थ की कामना कर रहे हैं। वहीं पाकिस्तान से भी कुछ खिलाड़ियों ने ऋषभ पंत को लेकर ट्वीट किया है। पाकिस्तान टीम के पूर्व क्रिकेटर दानिश कनेरिया ने ट्वीट कर पंत की सलामती की दुआ मांगी है। उन्होंने लिखा कि माता रानी कृपा करें ऋषभ पंत पर, माता कृपा रखना ऋषभ पर, उम्मीद करता हूं कि उनके लिए सब सही रहे।
पाकिस्तान खिलाड़ियों ने भी किया ट्वीट
दानिश कनेरिया के अलावा शाहीन शाह अफरीदी, मोहम्मद हफीज, शादाब खान, हसन अली और शोएब मलिक जैसे खिलाड़ियों ने भी पंत की सलामती की दुआएं मांगी है। पिछले कुछ सालों में कई मौकों पर पंत के खिलाफ खेलने वाले पाकिस्तान के स्टार ऑलराउंडर शादाब खान ने लिखा आपके लिए दुआएं और शुभकामनाएं। पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर शोएब मलिक ने विकेटकीपर-बल्लेबाज के लिए अपनी प्रार्थना और शुभकामनाएं भेजीं है। उन्होंने लिखा कि भारत में ऋषभ पंत की दुर्घटना के बारे में अभी पता चला। आपके लिए बहुत सारी प्रार्थनाएं और शुभकामनाएं भेज रहा हूं। आपके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना, भाई जल्दी ठीक हो जाइए। पाकिस्तान के स्टार पेसर हसन अली ने लिखा कि वह चाहते हैं कि पंत जल्द मैदान पर उतरें। उन्होंने लिखा कि मुझे आशा है कि कुछ भी गंभीर नहीं होगा और आप जल्द ही वापसी करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications