PSL में दक्षिण अफ्रीका के इस धाकड़ खिलाड़ी ने जड़ा सबसे तेज शतक, 51 गेंदों में ठोक दिए 121 रन
पीएसएल में शुक्रवार को पेशावर जालमी और मुल्तान सुल्तांस के बीच मुकाबला था। इस मैच में राइली रूसो ने 41 गेंदों में शतक जड़ दिया। उन्होंने 51 गेंदों में 121 रन की पारी खेली।

पाकिस्तान सुपर लीग में शुक्रवार को रनों की ऐसी बारिश हुई कि कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए। पेशावर ज़ालमी और मुल्तान सुल्तांस के बीच हुए मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के धाकड़ बल्लेबाज राइली रूसो ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 41 गेंदों में शतक ठोक दिया। राइली रूसो का यह शतक पीएसएल का सबसे तेज शतक था। उन्होंने कल के मैच में 51 गेंदों के अंदर 121 रन की धुंआधार पारी खेली। रूसो ने 237.25 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए अपनी इस पारी में 12 चौके और 8 छक्के लगाए। रूसो की इस पारी की बदौलत उनकी टीम मुल्तान सुल्तांस ने 4 विकेट से मैच जीत लिया।
पोलार्ड ने भी खेली विस्फोटक पारी
इस शानदार जीत की बदौलत मुल्तान सुल्तांस ने पीएसएल के प्लेऑफ में अपनी जगह बना ली है। आपको बता दें कि पेशावर जालमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 242 रन बनाए थे। पेशावर जालमी की ओर से साइम अयूब ने 58, कप्तान बाबर आजम ने 73 और मोहम्मद हैरिस ने 11 गेंदों में 35 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। 243 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुल्तान सुल्तांस ने इस लक्ष्य को 19.1 ओवर में ही हासिल कर लिया था। मुल्तान सुल्तांस की ओर से राइली रूसो ने 121 और कायरन पोलार्ड ने 25 गेंदों में 52 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली थी।
पेशावर की हुई लगातार दूसरी हार
मुल्तान सुल्तांस के खिलाफ मिली हार के बाद बाबर आजम की टीम पेशवार जालमी की अभी प्लेऑफ में जगह पक्की नहीं हो पाई है। पेशावर जालमी अपने पिछले 2 मुकाबले बुरी तरह हार गई है। पिछले मैच में भी टीम को 240 रन बनाने के बाद भी हार का सामना करना पड़ा था और कल के मुकाबले में भी 242 रन ठोकने के बाद टीम को जीत नसीब नहीं हुई। राइली रूसो की विस्फोटक पारी ने मुल्तान सुल्तांस की जीत को सुनिश्चित कर दिया था। रूसो ने अपनी पारी के दौरान सबसे लंबा छक्का लगाया। उनके पहले पांच स्कोरिंग शॉट चौके या छक्के थे। रूसो ने 17 गेंदों के अंदर ही अपनी हाफ सेंचुरी पूरी कर ली थी।












Click it and Unblock the Notifications