रोहित शर्मा और राहुल द्रविड़ को मिली राहत, बीसीसीआई ने टाली रिव्यू मीटिंग
भारतीय टीम के प्रदर्शन और आगामी योजनाओं के लिए होने वाली रिव्यू मीटिंग टाल दी गई है। बीसीसीआई ने इसे कुछ कारणों से पोस्टपोंड कर दिया है। टीम के बांग्लादेश दौरे के बाद मीटिंग का आयोजन किया जाएगा।
भारतीय टीम का प्रदर्शन टी20 वर्ल्ड कप में अच्छा नहीं रहा था। सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 10 विकेट से मिली हार इसका सबसे बड़ा सबूत है। इसके बाद टीम इंडिया को न्यूजीलैंड में एकदिवसीय सीरीज में भी हार का सामना करना पड़ा है। टीम में कुछ बदलावों की संभावना देखी जा रही थी क्योंकि बीसीसीआई ने रिव्यू मीटिंग करने का निर्णय लिया था। अब खबर आई है कि इस मीटिंग को पोस्टपोंड कर दिया गया है। मीटिंग दिसम्बर तक टालने के पीछे कुछ कारण भी हैं।

वनडे वर्ल्ड कप पर रहेगा ध्यान
इनसाइड स्पोर्ट्स की रिपोर्ट के मुताबिक़ बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा है कि बोर्ड ने ने मीटिंग बाद में रखने का निर्णय इसलिए किया है क्योंकि वर्ल्ड कप के लिए क्रिकेट सलाहकार समिति और चयन समिति से इनपुट मिलेंगे। उनके चार्ज लेने के बाद हम राहुल द्रविड़ और रोहित शर्मा से बात करेंगे। अगले 15 दिन तक कोई टी20 नहीं है। अगली सीरीज श्रीलंका के खिलाफ है। तब तक क्रिकेट सलाहकार समिति और चयन समिति का गठन हो जाएगा।
CAC सलेक्शन कमेटी के लिए इंटरव्यू लेगी
बोर्ड द्वारा क्रिकेट सलाहकार समिति का गठन होने के बाद इंटरव्यू होंगे। चयन समिति में आने के लिए जिन लोगों ने आवेदन किये हैं, उनका इंटरव्यू होगा। इसके बाद चयनित लोगों का ऐलान किया जाएगा। बीसीसीआई जल्दी ही CAC की घोषणा करेगी। इसमें तीन पूर्व भारतीय क्रिकेटर होंगे। इसके बाद इंटरव्यू प्रोसेस शुरू होगी। इससे पहले भी इसी तरह चयन समिति का चयन किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications