Reema Malhotra Exclusive: टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भारत जीत की प्रबल दावेदार, हरमनप्रीत कौर रचेंगी इतिहास
Reema Malhotra Exclusive Interview: महिला टी 20 वर्ल्ड कप 2024 की शुरुआत 3 अक्टूबर से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में होने जा रही है। हरमनप्रीत कौर भारतीय टीम की कप्तानी करेंगी, जबकि स्मृति मंधाना उप-कप्तान होंगी। ग्रुप-ए में शामिल भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 4 अक्टूबर को न्यूजीलैंड की महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ करेगी।
टीम को पहली खिताब की तलाश
भारतीय महिला टीम ने टी 20 वर्ल्ड कप के सभी आठ संस्करणों में भाग लिया है, लेकिन अभी तक खिताब नहीं जीत पाई है। भारतीय महिला टीम साल 2020 के टी-20 वर्ल्ड कप में खिताब जीतने के काफी करीब पहुंच गई थी। लेकिन मेलबर्न में खेले गए फाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टीम को एकतरफा हार का सामना करना पड़ा था।

रीमा मल्होत्रा ने बताई अब तक की बेस्ट टीम
पूर्व भारतीय महिला क्रिकेटर रीमा मल्होत्रा ने भारतीय महिला टी-20 टीम को लेकर कुछ बातों का जिक्र किया है। वनइंडिया हिंदी से बात करते हुए रीमा ने कहा कि वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट के लिए इससे बढ़िया टीम हो नहीं सकती। उन्होंने कहा कि वर्ल्ड कप में शामिल सभी खिलाड़ी पिछले कुछ समय से लगातार भारत के लिए खेल रही हैं। ऐसे में इन खिलाड़ियों के पास बड़े स्टेज पर जाकर परफॉर्मेंस देने की काबिलियत है।
महिला प्रीमियर लीग से इन खिलाड़ियों को मिला फायदा
रीमा मल्होत्रा के मुताबिक इस टीम में युवा और अनुभवी दोनों तरह के खिलाड़ी मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि महिला प्रीमियर लीग से आशा शोभना, राधा यादव, श्रेयंका पाटिल, सजना सजीवन जैसे खिलाड़ियों को फायदा मिला है। दूसरी तरफ हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स जैसी अनुभवी खिलाड़ी भी टीम में मौजूद हैं। ये वो टीम है जो पहले वर्ल्ड कप खेल चुकी हैं इन्हें पता है कि अब एक पड़ाव आगे कैसे जाना है।
यूएई में मैच होने से किसे मिलेगा फायदा
रीमा मल्होत्रा ने बताया कि यूएई की पिच बैलेंसेड पिच है। इस पिच पर स्विंग देखने को मिलेगी, यहां किसी एक टीम को एडवांटेज नहीं मिलेगा। बांग्लादेश की पिचों पर हमें अक्सर लो स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते थे। लेकिन यूएई की पिच पर कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी। भारत की टीम बेहतर बैलेंसड नजर आ रही है।
अब तक क्यों नहीं जीत पाई ट्रॉफी
भारतीय टीम पहले एग्रेसिव क्रिकेट नहीं खेलती थी। भारत के पास पहले पावर हिटर भी ज्यादा नहीं होते थे। लेकिन अब वक्त बदल चुका है। हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शैफाली वर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स जैसे खिलाड़ी बड़ी हिट लगाने के लिए जानी जाती हैं। खासतौर पर ऋचा घोष पर भी सबकी नजरें रहेगी। ये टीम अब पूरी तरह से तैयार है। इस टीम में ऑलराउंडरों की भरमार है। ऑस्ट्रेलिया के बाद भारत ही एक ऐसी टीम है जिनके पास सबसे अधिक ऑलराउंडर मौजूद हैं।
गेंदबाजों को दिखाना होगा दम
आशा शोभना, राधा यादव, श्रेयंका पाटिल, सजना सजीवन और दीप्ति शर्मा जैसे खिलाड़ी गेंद से मैच पलट सकती हैं। हालांकि, टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के लिए भारत को तीनों ही डिपार्टमेंट में बेहतर खेल का प्रदर्शन दिखाना होगा।
आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2024 के लिए भारत की टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शैफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर)*, पूजा वस्त्राकर, अरुंधति रेड्डी , रेणुका सिंह ठाकुर, दयालन हेमलता, आशा शोभना, राधा यादव, श्रेयंका पाटिल*, सजना सजीवन।












Click it and Unblock the Notifications