RCB vs LSG: बैंगलोर बनाम लखनऊ मुकाबले में सबसे ज्यादा विकेट कौन लेगा, टॉप-3 में इन खिलाड़ियों का नाम
IPL 2023 Update: लखनऊ (LSG) और बैंगलोर (RCB) के बीच आज रोचक मुकाबला होने जा रहा है। आइए जानते हैं आज के मैच में कौन तीन गेंदबाज सबसे अधिक विकेट लेकर अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

IPL 2023, RCB vs LSG: इंडियन प्रीमियर लीग का आज 15वां मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच खेला जाएगा। बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 10 अप्रैल को शाम साढ़े सात बजे से मैच शुरू हो जाएगा। घरेलू टीम आरसीबी ने सीजन का अपना पहला मैच मुंबई के खिलाफ इसी मैदान पर जीता था। वहीं ने लखनऊ ने भी अपने आईपीएल अभियान की अच्छी शुरुआत की है और अब तक तीन में से दो मैच जीते हैं। आइए जानते हैं आज के मैच में कौन तीन गेंदबाज सबसे अधिक विकेट लेकर अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
आरसीबी के बल्लेबाजों के लिए चुनौती बनेंगे मार्क वुड
लखनऊ सुपर जाइंट्स (LSG) के तेज गेंदबाज मार्क वुड ने आईपीएल 2023 के 16वें सीजन में 2 मैच में 8 विकेट चटका दिए हैं। इस गेंदबाज के आगे अच्छे-अच्छे खिलाड़ियों का बल्ला शांत हो जाता है, और हाथ खोलना तो दूर विकेट बचाना मुश्किल पड़ जाता है। वुड ने सीजन के अपने पहले मैच में ही पांच विकेट अपने नाम कर लिए थे। मार्क वुड का इकॉन्मी रेट 7.87 का रहा है। हालांकि, वुड को फ्लू के कारण पिछले हफ्ते सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ लखनऊ में होने वाले आखिरी मैच से बाहर रखा गया था, लेकिन सोमवार को आरसीबी के खिलाफ तेज गेंदबाज की वापसी हो सकती है।
रवि बिश्नोई के नाम अब तक 6 विकेट
लखनऊ सुपर जायंट्स के लेग स्पिनर बॉलर रवि बिश्नोई 3 मैच में 6 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ रवि बिश्नोई ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटक लिए थे। बिश्नोई की लेग स्पिन पर फंसने के बाद अक्सर खिलाड़ियों को पवेलियन लौटना पड़ता है। बिश्नोई ने साल 2020 में अपना आईपीएल डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक कुल 39 मैच खेल लिए हैं, जिसमें 42 विकेट ले लिए हैं। पिछले आईपीएल सीजन में बिश्नोई ने 14 मैच में 12 विकेट चटकाए थे। ऐसे में उम्मीद है कि आज भी ये युवा गेंदबाज कमाल कर सकता है।
मोहम्मद सिराज कर सकते हैं वापसी
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने अब तक दो विकेट चटकाए हैं। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने मुंबई के खिलाफ केवल एक विकेट लिया, लेकिन महत्वपूर्ण विकेट लिया था। सिराज ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में सीजन के पहले मैच में बेहतरीन गेंदबाजी की थी। हालांकि, दूसरे मैच में सिराज ने अपने अंतिम ओवर की चौथी गेंद पर शार्दुल ठाकुर का विकेट लेकर उन्हें वापस पवेलियन भेज दिया था। ऐसे में उम्मीद है कि बेंगलुरु में घरेलू मैदान पर सिराज लखनऊ के खिलाफ जोरदार वापसी कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications