IPL में पहले शतक से चूके शिवम दुबे, 206 की स्ट्राइक रेट से रन बना लगाई रिकॉर्डस की झड़ी
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 22वां मैच चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम के बीच डीवाई पाटिल स्टेडियम पर खेला जा रहा है, जहां पर पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएसके की टीम ने आईपीएल 2022 का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने गेंदबाजों की मुफीद पिच पर 4 विकेट खोकर 216 रनों का स्कोर खड़ा किया है। इससे पहले सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड दिल्ली कैपिटल्स के नाम था जिसने केकेआर के खिलाफ 215 रनों का स्कोर खड़ा किया था।

सीएसके की टीम के लिये लगातार पांचवे मैच में शुरुआत अच्छी नहीं रही थी लेकिन रॉबिन उथप्पा (88) और शिवम दुबे (95) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने 216 रनों का स्कोर खड़ा किया। इस दौरान सीएसके के बल्लेबाजों ने 17 छक्के और 12 चौके लगाने का काम किया।
और पढ़ें: ICC प्लेयर ऑफ द मंथ का अवॉर्ड जीत बाबर आजम ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बने

सीएसके के लिये बनाई आईपीएल की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी
सीएसके की टीम के लिये पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉबिन उथप्पा ने तेज तर्रार तरीके से पारी का आगाज किया और शिवम दुबे के साथ 165 रनों की साझेदारी कर डाली। इन दोनों खिलाड़ियों के बीच हुई यह साझेदारी इस सीजन टूर्नामेंट की सबसे बड़ी पार्टनरशिप है तो वहीं पर आईपीएल के इतिहास में सीएसके के लिये दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी बन गई है। सीएसके के लिये आईपीएल की सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड फाफ डुप्लेसिस और शेन वॉटसन के नाम है जिन्होंने 2020 में पंजाब किंग्स के खिलाफ 181 रनों की साझेदारी की थी। वहीं मुरली विजय और माइकल हसी की जोड़ी ने आरसीबी के खिलाफ 2011 में 159 रनों की साझेदारी की थी।

आखिरी के 10 ओवर्स में की रनों की बारिश
उल्लेखनीय है कि रॉबिन उथप्पा और शिवम दुबे के बीच हुई इस साझेदारी ने शुरुआत में धीमी गति से रन बनाये थे लेकिन आखिरी के 10 ओवर्स में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर मैच का रुख बदल दिया। सीएसके की टीम ने 11 से 20 ओवर्स के बीच 156 रन जोड़े और आईपीएल के इतिहास में आखिरी 10 ओवर्स में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली तीसरी टीम बन गई है। सीएसके ने इस मामले में अपनी ही टीम के रिकॉर्ड को तोड़ा है जिसमें उन्होंने 2010 में राजस्थान के खिलाफ 155 रन बनाये थे। इस फेहरिस्त में आरसीबी का नाम टॉप पर काबिज है जिसने 2016 में गुजरात लॉयन्स के खिलाफ 11-20 ओवर्स के बीच 172 रन जोड़े थे, तो वहीं पर पंजाब किंग्स की टीम ने सीएसके के खिलाफ 2014 में 162 रन बनाये थे।

दुबे ने की मुरली विजय के रिकॉर्ड की बराबरी
शिवम दुबे ने इस मैच में 46 गेंदों का सामना कर 9 छक्के और 5 चौकों के दम पर नाबाद 95 रनों की पारी खेली और मुरली विजय के बड़े रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। शिवम दुबे इस मैच में शतक लगाने से भले ही चूक गये हों लेकिन उन्होंने आईपीएल के इतिहास में आरसीबी के खिलाफ मैचों में सीएसके की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। शिवम दुबे ने मुरली विजय के रिकॉर्ड की बराबरी की जिन्होंने 2011 में 95 रनों की पारी खेली थी।












Click it and Unblock the Notifications