IPL 2022: कौन हैं आरसीबी के लिये डेब्यू करने वाले सुयश प्रभुदेसाई, ऑलराउंड प्रदर्शन से मचाया तहलका
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 22वां मैच डीवाई पाटिल स्टेडियम पर चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम के बीच खेला जा रहा है, जहां पर लगातार 4 मैचों में हार का सामना करने के बाद सीएसके की टीम ने अपनी पहली जीत की तलाश में शानदार प्रदर्शन किया। आरसीबी के खिलाफ खेले गये इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट खोकर 216 रनों का स्कोर खड़ा किया। सीएसके के लिये रॉबिन उथप्पा (95) और शिवम दुबे (88) ने अर्धशतकीय पारियां खेली और टीम को मुश्किल परिस्थिति से बाहर निकाला।

वहीं आरसीबी के गेंदबाजों ने बेहद खराब प्रदर्शन किया, खासतौर से आखिरी के 10 ओवर्स में जिसमें सीएसके की टीम ने 156 रनों का स्कोर खड़ा किया। आकाशदीप सबसे ज्यादा महंगे गेंदबाजी साबित हुए जिन्होंने 4 ओवर्स में 58 रन लुटाये तो वहीं पर मोहम्मद सिराज ने भी 37 रन दे डाले। इस दौरान आरसीबी के लिये डेब्यू करने वाले सुयश प्रभुदेसाई ने अपने प्रदर्शन से सभी को हैरान कर दिया।
और पढ़ें: IPL में पहले शतक से चूके शिवम दुबे, 206 की स्ट्राइक रेट से रन बना लगाई रिकॉर्डस की झड़ी

दमदार फील्डिंग से किया मोइन अली को रनआउट
सुयश प्रभुदेसाई ने फील्डिंग के दौरान शानदार प्रदर्शन किया जिसकी वजह से आरसीबी के लिये खतरनाक साबित हो सकने वाले मोइन अली को रन आउट कर वापस पवेलियन भेज दिया। मोइन अली ने सिंगल लेने की कोशिश की लेकिन प्वाइंट पर खड़े सुयश प्रभुदेसाई ने बायें हाथ की तरफ छलांग लगाकर न सिर्फ गेंद को पकड़ा बल्कि दिनेश कार्तिक को टाइम पर थ्रो कर रन आउट कर दिया। इतना ही नहीं प्रभुदेसाई ने फील्डिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई बार मुश्किल चौके रोके।

बल्लेबाजी में भी सुयश ने दिखाया दम
सुयश ने इसके बाद बल्लेबाजी में भी शानदार प्रदर्शन किया और 18 गेंदों में 5 चौके, एक छक्के की मदद से ताबड़तोड़ 34 रनों की पारी खेली। सुयश ने अपनी इस पारी के दौरान मैदान के चारों तरफ आसानी से बाउंड्री लगाई और शाहबाज अहमद (41) के साथ उस वक्त 60 रनों की साझेदारी की जब उनकी टीम मुश्किल में नजर आ रही थी। जब सुयश प्रभुदेसाई बल्लेबाजी करने आये थे तो उस वक्त आरसीबी की टीम ने महज 50 रन के स्कोर पर 4 विकेट खो दिये थे, लेकिन प्रभुदेसाई ने न सिर्फ पारी को संभालने का काम किया बल्कि रनों की गति को भी बरकरार रखा।

आरसीबी ने 30 लाख में टीम से है जोड़ा
उल्लेखनीय है कि सुयश प्रभुदेसाई घरेलू स्तर पर गोवा की टीम से खेलते हैं जिन्हें आरसीबी की टीम ने 30 लाख रुपये में ऑक्शन के दौरान अपने खेमें में शामिल किया था। सुयश ने घरेलू क्रिकेट में बेहद शानदार प्रदर्शन किया है जिसके चलते आरसीबी की टीम ने उन पर भरोसा जताया है। सुयश ने लिस्ट ए क्रिकेट के 34 मैचों में 5 अर्धशतकीय पारियों की मदद से 787 रन बनाये हैं जिसमें उनकी औसत 24 की रही है तो वहीं पर स्ट्राइक रेट 89 का है। इस दौरान उन्होंने 4 विकेट भी अपने नाम किये हैं। सुयश ने आरसीबी के लिये खेले गये अभ्यास मैच में भी अर्धशतक लगाया था जिसकी वजह से मैनेजमेंट ने उन पर ज्यादा भरोसा जताया है।












Click it and Unblock the Notifications