RCB की जीत के जश्न में छाया मातम, भगदड़ में कई लोग जख्मी, 11 की मौत
RCB Victory Parade: आरसीबी की 18 साल बाद आईपीएल जीत पर बेंगलुरु में उत्साह का ठिकाना न रहा, लेकिन यह खुशी दुखद घटना में बदल गई। कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) द्वारा एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर आयोजित टीम सम्मान समारोह में उमड़ी भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में 11 लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है, जिससे पूरे शहर में शोक और चिंता का माहौल बन गया है।
स्टेडियम के बाहर मची अफरातफरी (RCB Victory Parade)
टीम की जीत पर शहर में जबरदस्त उत्साह था, लोग खुशी में झूम रहे थे, लेकिन अचानक भीड़ नियंत्रण से बाहर हो गई। आयोजन स्थल के बाहर जमा हुई भारी भीड़ में धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन भगदड़ के कारण कई लोग घायल हो गए। घायल और बेहोश लोगों को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी प्राथमिक चिकित्सा की जा रही है।

मातम में बदला जश्न
यह दुखद घटना आईपीएल जीत की खुशी को फैंस के लिए मातम में बदल दिया है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी है ताकि इस हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की है। आरसीबी की जीत ने पूरे बेंगलुरु को खुशी से भर दिया था, लेकिन इस भगदड़ की घटना के बाद सोशल मीडिया पर कुछ फैंस मायूस दिखाई दे रहे हैं।
किया गया खिलाड़ियों का सम्मान
विधान सौधा में मुख्यमंत्री सिद्दारमैया और राज्यपाल की उपस्थिति में खिलाड़ियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान बारिश हुई, जिससे खिलाड़ी और दर्शक भागते हुए बस में चढ़ गए। इसी बीच, चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई, जहां एक बच्चा बेहोश हो गया और पुलिस उसे लेकर दौड़ी। पीटीआई ने बताया कि प्रशंसक पेड़ और बस पर चढ़कर अपनी टीम की झलक पाने के लिए बेताब थे। एएनआई के वीडियो में कुछ लोग स्टेडियम की दीवार और फेंस पर चढ़ते दिखे। विधान सौधा और स्टेडियम के बाहर भारी संख्या में लोग अपनी चैंपियन टीम को देखने के लिए मौजूद हैं।












Click it and Unblock the Notifications