RCB के खिलाड़ी ने खटखटाया कोर्ट का दरवाजा, IPL में खेलने से रोकने पर कर दिया बोर्ड पर केस
IPL 2026: आईपीएल 2026 के बीच क्रिकेट जगत से एक चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के तेज गेंदबाज नुवान तुषारा ने क्रिकेट बोर्ड के खिलाफ कानूनी मोर्चा खोल दिया है। तुषारा ने बोर्ड को कोर्ट में घसीट लिया है क्योंकि उन्हें आईपीएल में खेलने के लिए जरूरी अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) नहीं दिया गया।
इस विवाद की मुख्य जड़ बोर्ड द्वारा आयोजित फिटनेस टेस्ट है, जिसमें तुषारा फेल हो गए थे। श्रीलंका बोर्ड के नए नियमों के अनुसार, जो खिलाड़ी फिटनेस टेस्ट पास नहीं करेगा, उसे विदेशी लीग में खेलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस वजह से अब मामला कोर्ट में चला गया है, तुषारा अपने बोर्ड के खिलाफ जंग पर उतर आए हैं।

नुवान तुषारा ने बोर्ड के इस फैसले को अन्यायपूर्ण बताते हुए कहा है कि उनका सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट 31 मार्च को ही खत्म हो चुका था। ऐसे में बोर्ड उन्हें फिटनेस का हवाला देकर आईपीएल जैसे बड़े मंच पर खेलने से नहीं रोक सकता। तुषारा के मुताबिक, बोर्ड के इस अड़ियल रवैये के कारण उन्हें आरसीबी के साथ हुए 1.6 करोड़ रुपये के कॉन्ट्रैक्ट का भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लेने से इनकार
अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए इस तेज गेंदबाज ने अब सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लेने से भी इनकार कर दिया है, जिससे उनके अंतरराष्ट्रीय करियर पर भी संकट के बादल मंडराने लगे हैं। कोर्ट तक पहुंचने के बाद अब मामला काफी गंभीर हो चला है।
लसित मलिंगा जैसे गेंदबाजी एक्शन के लिए मशहूर तुषारा आरसीबी के गेंदबाजी आक्रमण का अहम हिस्सा हैं। आरसीबी ने सीजन का अपना पहला मैच खेल लिया है, लेकिन तुषारा अब भी श्रीलंका में ही फंसे हुए हैं और कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं।
कोर्ट के फैसले के ऊपर रहेंगी नजरें
अगर कोर्ट से उन्हें राहत नहीं मिलती है, तो यह न सिर्फ तुषारा के लिए व्यक्तिगत घाटा होगा, बल्कि आरसीबी के लिए भी एक बड़ा झटका साबित हो सकता है। फिलहाल, पूरे क्रिकेट जगत की नजरें अब इस अदालती फैसले पर टिकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications