इज्जत का हार और जीत से मतलब नहीं होता, रमीज राजा को अश्विन ने दी 'रिस्पेक्ट कमाने' की सीख
नई दिल्ली, 11 अक्टूबर: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ रमीज राजा ने भारतीय क्रिकेट टीम बीसीसीआई और विराट कोहली को लेकर काफी बातें की थी। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खराब प्रदर्शन को लेकर रमीज राजा ने भारतीय क्रिकेट को बेवजह लपेट दिया था। रमीज राजा ने कहा था अब तो भारत भी हमें इज्जत देने लगा है क्योंकि हमने उनको हराना शुरू कर दिया है। इस बात का जवाब देते हुए टीम इंडिया के सीनियर ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कहा है कि हार और जीत का विपक्षी को दी जाने वाली इज्जत से कोई लेना देना नहीं है।

दो जीत के बाद रमीज राजा का घमंड
पिछले 12 महीने की बात करें तो पाकिस्तान की टीम ने वास्तव में सुधार भरा प्रदर्शन तो किया है लेकिन रमीज राजा की बातें फिर भी समझ से परे है। पाकिस्तान की टीम ने भारत के खिलाफ हुए 3 में से 2 मुकाबले पिछले 1 साल में जीते हैं जिसमें एक जीत उनको एशिया कप में मिली और एक टी-20 वर्ल्ड कप 2021 पर। अब दोनों देश आईसीसी T20 वर्ल्ड कप 2022 में भी एक दूसरे से भिड़ने के लिए तैयार हैं जहां पर रविचंद्रन अश्विन भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा होंगे।

रविचंद्रन अश्विन ने जवाब दिया
टीम इंडिया इस समय पर्थ में है जहां पर अश्विन भी टीम का हिस्सा हैं और उन्होंने वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के साथ सोमवार 10 अक्टूबर को हुए वार्मअप मुकाबले के बाद बात की जहां वे कहते हैं, "मुझे नहीं पता रमीज राजा ने इस तरह का बयान दिया है। यह एक तरफा बात कहना है। यह एक क्रिकेट का खेल ही है। दोनों देशों के बीच में काफी जबरदस्त प्रतिद्वंदता है और यह दोनों तरफ के बहुत सारे लोगों के लिए काफी मायने रखती है। लेकिन दिन के अंत में आपको यह पता होता है कि आप एक खिलाड़ी हैं और एक खेल में हार और जीत लगे रहते हैं।"

इज्जत बनाने से बनती है
रविचंद्रन आगे कहते हैं, "खासकर इस टी20 के फॉर्मेट में जहां पर हार जीत का मार्जिन बहुत ही छोटा होता है। हार और जीत से इसका कोई ताल्लुक नहीं होता कि आप अपनी विपक्षी टीम को इज्जत दें। एक विपक्षी टीम की इज्जत का हार और जीत से कोई ताल्लुक नहीं होता है। इज्जत तब आती है जब आप उसको बनाते हैं। हम निश्चित तौर पर पाकिस्तान की टीम की इज्जत करते हैं और वे भी हमारी करते हैं।"

23 अक्टूबर को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में मुकाबला
इससे पहले रमीज राजा ने कहा था कि पाकिस्तान की टीम अब अंडरडॉग नहीं रही है और billion-dollar भारतीय क्रिकेट टीम को हराने में पूरी तरह सक्षम हो गई है। पहले वर्ल्ड कप में पाकिस्तान भारतीय क्रिकेट टीम को हरा नहीं पाता था लेकिन अब बाबर आजम की टीम ने ऐसा करने में सफलता पाई है तो इसका इसका क्रेडिट उनको देना चाहिए। अब दोनों ही देशों के बीच में T20 वर्ल्ड कप 2022 के दौरान 23 अक्टूबर को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में मुकाबला खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications