All Time IPL-11: कौन हैं आईपीएल के सबसे बेहतरीन 11 खिलाड़ी, दिग्गज ने किया ऐलान
Ravichandran Ashwin names his all-time IPL XI: अनुभवी भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने हाल ही में अपनी ऑल-टाइम बेस्ट आईपीएल प्लेइंग इलेवन का खुलासा किया है। इस में सात भारतीय खिलाड़ी शामिल हैं। खास बात यह है कि अश्विन ने क्रिस गेल, कीरोन पोलार्ड, आंद्रे रसेल और गौतम गंभीर जैसे बड़े नामों को बाहर करके कुछ हैरान करने वाले नाम चुने हैं।
अश्विन ने चुनी बेस्ट आईपीएल टीम
अश्विन के चयन में मुंबई इंडियंस के चार खिलाड़ी और उनकी पूर्व टीम चेन्नई सुपर किंग्स के केवल दो खिलाड़ी शामिल हैं। पूर्व भारतीय क्रिकेटर के श्रीकांत के यूट्यूब चैनल 'चीकी चीका' पर चैट शो के दौरान अश्विन ने अपनी पसंद शेयर की। उन्होंने रोहित शर्मा और विराट कोहली को ओपनर के तौर पर चुना, ये दोनों ही खिलाड़ी सालों से अपनी-अपनी आईपीएल फ्रैंचाइजी के लिए ओपनिंग करते आ रहे हैं।

इन खिलाड़ियों को मिली जगह
विराट कोहली और रोहित शर्मा के अलावा सुरेश रैना को तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए चुना गया, जिन्होंने अपने लगातार अच्छे प्रदर्शन के लिए "मिस्टर आईपीएल" का टैग अपने नाम किया है। चौथे नंबर पर अश्विन ने सूर्यकुमार यादव को रखा है। इसके बाद पांचवें नंबर पर एबी डिविलियर्स को टीम में शामिल किया गया है।
विकेटकीपिंग के लिए धोनी पहली पसंद
विकेटकीपिंग के लिए अश्विन का चयन कोई आश्चर्य की बात नहीं थी क्योंकि उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी को चुना। धोनी को इस ड्रीम टीम का कप्तान भी बनाया गया। अश्विन के अनुसार रोहित शर्मा और विराट कोहली के प्रभावशाली रिकॉर्ड के बावजूद धोनी बेस्ट कप्तान हैं।
इन दो स्पिन गेंदबाजों का चयन
स्पिन विभाग में अश्विन ने सुनील नरेन और राशिद खान को चुना। ये दोनों खिलाड़ी न केवल अपनी स्पिन गेंदबाजी के लिए बल्कि अपनी बल्लेबाजी क्षमताओं के लिए भी जाने जाते हैं। नरेन ने आईपीएल 2024 में अपनी बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोरीं, जबकि राशिद खान लो ऑर्डर में आकर विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं।
खुद को रखा है टीम से बाहर
दिलचस्प बात यह है कि अश्विन ने खुद को या आईपीएल इतिहास में सबसे ज़्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड रखने वाले युजवेंद्र चहल को टीम में शामिल नहीं किया। पीयूष चावला और अमित मिश्रा को भी टीम में जगह नहीं मिली।
लाइन-अप में तेज गेंदबाज
अश्विन की टीम में तीन तेज गेंदबाज शामिल हैं, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह और लसिथ मलिंगा। भुवनेश्वर कुमार टीम इंडिया से बाहर होने के बावजूद पावरप्ले के दौरान अहम गेंदबाज रहे हैं। बुमराह और मलिंगा डेथ ओवरों में गेंदबाजी करने के लिए जाने जाते हैं और उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए कई बार मैच जिताने वाले प्रदर्शन किए हैं।
अश्विन की ऑल-टाइम आईपीएल XI: रोहित शर्मा, विराट कोहली, सुरेश रैना, सूर्यकुमार यादव, एबी डिविलियर्स, एमएस धोनी (कप्तान/विकेटकीपर), सुनील नरेन, राशिद खान, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, लसिथ मलिंगा।












Click it and Unblock the Notifications