IND vs AUS: मैदान पर हुई अश्विन और लाबुशेन की भिड़ंत, फिर जडेजा ने आकर उड़ा दिए होश
Ravichandran Ashwin vs Marnus Labuschagne: नागपुर के मैदान पर भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहले टेस्ट में भारतीय गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिल रहा है।

Ravichandran Ashwin vs Marnus Labuschagne: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया है। नागपुर के विदर्भ क्रिकेट स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 172 रन बना लिए हैं। भारतीय तेज गेंदबाजों ने टीम को जबरदस्त शुरुआत दिलाई। ऑस्ट्रेलिया के दोनों सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा और डेविड वॉर्नर को भारतीय तेज गेंदबाजों ने पवेलियन भेजा।
लाबुशेन और अश्विन के बीच हुई तकरार
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मैच के दौरान खिलाड़ियों के बीच भी नोक-झोंक देखने को मिलती रहती है। नागपुर टेस्ट में स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और मार्नस लाबुशेन के बीच जुबानी जंग देखने को मिली। अश्विन की गेंद पर मार्नस लाबुशेन खेलने से चूक गए, जिसके बाद गेंद ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी के पैड पर जाकर लग गई। इसके बाद अश्विन ने लाबुशेन को ईशारों में कुछ कहा। जिसके बाद लाबुशेन ने भी अश्विन को जवाब दिया।
जडेजा ने झटका विकेट
शुरुआती विकेट जल्दी गिरने के बाद मार्नस लाबुशेन ने स्टीव स्मिथ के साथ मिलकर पारी को संभाला था। अश्विन से बहस होने के बाद मार्नस लाबुशेन आउट होकर पवेलियन लौट गए। रवींद्र जडेजा ने मार्नस लाबुशेन को विकेटकीपर केएस भरत के हाथों स्टंप आउट कराया। स्मिथ और लाबुशेन के बीच 82 रन की साझेदारी को तोड़कर जडेजा ने भारत को मैच में वापस लाने का काम किया। मार्नस लाबुशेन ने 123 गेंद में आठ चौकों की मदद से 49 रन बनाकर आउट हो गए।
ऑस्ट्रोलिया ने गंवा दिए हैं छह विकेट
भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम पहले दिन कुछ खास कमाल नहीं कर सकी। ऑस्ट्रेलियाई टीम को पहला झटका मोहम्मद सिराज ने दिया। उस्मान ख्वाजा को सिराज ने एक के स्कोर पर आउट किया। ऑस्ट्रेलिया का दूसरा विकेट डेविड वॉर्नर के रूप में गिरा। शमी ने डेविड वॉर्नर को अंदर आती गेंद पर क्लीन बोल्ड किया। रवींद्र जडेजा ने दो लगातार गेंदों पर दो विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को बैकफुट पर धकेल दिया। इसके बाद रवींद्र जडेजा ने स्टीव स्मिथ को क्लीन बोल्ड कर भारत को पांचवीं सफलता दिलाई।












Click it and Unblock the Notifications