अश्विन ने बताया कब होगी रवींद्र जडेजा की वापसी, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने जा रही है अहम टेस्ट सीरीज
टेस्ट क्रिकेट में जब घरेलू सीरीज की बात आती है तो जडेजा-अश्विन की जोड़ी कमाल रही है। अब भारत के पास ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट सीरीज है जिससे पहले अश्विन ने इशारा किया है उनका जोड़ीदार कब वापसी करने जा रहा है।

भारत के एक ऑलराउंडर जब भी अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो लोगों को रवींद्र जडेजा याद आते हैं। ये हरफनमौला हैं अक्षर पटेल जो काफी हद तक जडेजा क्लोन हैं क्योंकि उसी तरह बाए हाथ से गेंदबाजी और बल्लेबाजी करते हैं जैसे जडेजा। हालांकि अक्षर कितनी भी बढ़िया कर लें एक बार भी ऐसा नहीं होता कि फैंस ये बोल दें कि अब जडेजा की जरूरत नहीं क्योंकि उनका रिप्लेसमेंट मिल गया है। रवींद्र जडेजा ने कुछ यूं भारत के लिए ऑलराउंडर की हैसियत को तीनों फॉर्मेट में कमाया था। यहां पर ऑलराउंडर का मतलब तीनों विभाग यानी फील्डिंग भी शामिल है जिसमें जडेजा से ऊपर भारत का कोई फिल्डर नहीं नजर आता।

रविचंद्रन अश्विन ने दिया हिंट
अब सवाल ये है कि चार महीने से ज्यादा समय से चोट के चलते मैदान से गायब चल रहा ये दिग्गज कब वापसी करेगा। जडेजा घुटने की सफल सर्जरी के बाद नेशनल क्रिकेट अकादमी में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं और अपनी प्रोग्रेस के वीडियो अपलोड कर रहे हैं। अब भारत के स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने जडेजा की वापसी पर बात की है। अश्विन अगले महीने से बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में क्रिकेट में फिर से लौटेंगे। उनको लगता है जडेजा भी इस सीरीज में ही आ जाएंगे।
अश्विन ने द न्यू इंडियन एक्सप्रेस को बताया, "जब भी कोई घरेलू सीरीज होती है तो मैं बहुत काम करता हूं। मैं (रवींद्र) जडेजा के आने की उम्मीद कर रहा हूं। मुझे फिर भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कुछ नया करना है और मैं नए एंगल पर काम कर रहा हूं। मैंने कंगारूओं को उनके देश में खेलते देखा है। उनके खिलाफ कुछ नई चीजों पर काम चल रहा है।"

भारत की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अहम सीरीज
पिछली बार जब भारत और ऑस्ट्रेलिया ने टेस्ट सीरीज खेली थी तो अश्विन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। सिडनी टेस्ट में 128 गेंदों में उनकी नाबाद 39 रन की पारी ने भारत को ड्रॉ के साथ चलने दिया। अब जब छह साल बाद ऑस्ट्रेलिया भारत में टेस्ट सीरीज खेलने के लिए आ रहा है तो अश्विन की भूमिका एक बार फिर से अत्यधिक महत्वपूर्ण होगी। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 2004 से भारत में कोई टेस्ट श्रृंखला नहीं जीती है। यहां तक कि पिछली दो टेस्ट सीरीज भी भारत ने ही ऑस्ट्रेलिया में जाकर जीती हैं। लेकिन अभी फिर से कंगारू टॉप की फॉर्म में दिखने लगे हैं।

सीरीज के बारे में सोचना शुरू कर दिया है
रविचंद्रन ने कहा, "मैंने अपनी ट्रेनिंग शुरू कर दी है। मैंने सीरीज के बारे में सोचना शुरू कर दिया है। मैं पिछले साल से योगा भी कर रहा हूं और मुझे लगता है कि इससे मुझे बहुत बेहतर महसूस करने में मदद मिली है। मैंने निश्चित रूप से अपनी बल्लेबाजी पर बहुत काम किया है। पिछले 18 महीनों में मेरी बल्लेबाजी में वास्तव में सुधार हुआ है।"
अश्विन ने बताया कि लगातार क्रिकेट खेलना आसान नहीं होता। वे बांग्लादेश से वापस आकर रणजी खेलना चाहते थे लेकिन बॉडी की देखभाल करनी भी जरूरी थी। अब वे खुद को फिर से चार सप्ताह के स्ट्रेंथ ट्रेनिंग प्रोग्राम के जरिए ताकतवर बनाएंगे। उनका कहना है- मैं अपने करियर के इस पड़ाव पर भी, मैं उस बेंचमार्क को जारी रखना चाहता हूं।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications