टीम इंडिया में लंबा खेलेंगे दिनेश कार्तिक! आकाश चोपड़ा ने कहा कि उनमें अभी बहुत क्रिकेट बचा है
नई दिल्ली, जुलाई 31। भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज का आगाज जीत के साथ किया है। पहले टी20 मुकाबले में टीम इंडिया ने मेजबान विंडीज को 68 रन से हरा दिया था। भारत की जीत में कप्तान रोहित शर्मा और विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक का अहम योगदान रहा था। कार्तिक को प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया था। एशिया कप और टी20 विश्व कप से पहले दिनेश कार्तिक जबरदस्त फॉर्म में नजर आ रहे हैं। इस बीच पूर्व भारतीय खिलाड़ी आकाश चोपड़ा ने दिनेश कार्तिक की तारीफ की है। उन्होंने कार्तिक को बहुत ही स्पेशल प्लेयर बताया है।

कार्तिक में अभी बहुत क्रिकेट बाकि है- आकाश चोपड़ा
आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल के जरिए एक वीडियो में दिनेश कार्तिक की मैच विनिंग पारी की तारीफ की है। उन्होंने कहा है कि कार्तिक के अंदर अभी बहुत क्रिकेट बाकि है, आंकड़े हमें बहुत कुछ बताते हैं, लेकिन बहुत कुछ छिपाते भी हैं। आकाश चोपड़ा ने कहा कि वो वास्तव में उस मैच के प्लेयर ऑफ द मैच थे, भले ही रोहित शर्मा ने सबसे अधिक रन बनाए हो। आकाश चोपड़ा ने कहा कि जब रोहित शर्मा आउट हुए थे तो ऐसा लग रहा था कि मैच फंस जाएगा, लेकिन कार्तिक ने कमाल की पारी खेलते हुए भारत को मैच जिताने का काम किया।
कार्तिक ने खेली थी मैच जिताऊ पारी
आपको बता दें कि वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में भारतीय टीम के टॉप ऑर्डर फेल होने के बाद दिनेश कार्तिक ने भारत को मैच जिताने का काम किया था। दिनेश कार्तिक ने 215 के स्ट्राइक रेट से रन बनाते हुए 19 गेंदों में 41 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। अपनी पारी के दौरान उन्होंने चार चौके और दो छक्के जड़े थे। कार्तिक ने जडेजा के साथ मिलकर एक अच्छी साझेदारी की थी।












Click it and Unblock the Notifications