वर्ल्ड कप 2023 से पहले PCB ने रख दी एक और डिमांड, अब ICC से की इन्हें वीजा दिलाने की मांग
World Cup 2023: भारत की मेजबानी में होने जा रहे आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का पहला मैच 6 अक्टूबर को हैदराबाद में नीदरलैंड्स के खिलाफ खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने शनिवार को आईसीसी को उन पत्रकारों और फैंस के लिए वीजा प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए पत्र लिखा, जो विश्व कप के लिए भारत की यात्रा करना चाहते हैं।
दरअसल, पाकिस्तानी टीम टूर्नामेंट का अपना पहला मैच 6 अक्टूबर को नीदरलैंड के खिलाफ खेलेगी। पीसीबी ने इस अवसर पर पाकिस्तान फैंस और मीडिया के लिए वीजा पर अपनी चिंताएं व्यक्त की हैं। एक ईमेल में पीसीबी ने प्रशंसकों और मीडिया के लिए वीजा प्रक्रिया पर आईसीसी से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

भारतीय वीजा के लिए आवेदन करने वाले प्रशंसकों की संख्या बता पाना मुश्किल है, विश्व कप के लिए लगभग 50 पत्रकारों के यात्रा करने की उम्मीद है। टूर्नामेंट के मेजबान बीसीसीआई के सूत्रों ने कहा कि विदेश मंत्रालय उन पत्रकारों के नामों पर विचार कर रहा है जो 50 ओवर के कार्यक्रम को कवर करना चाहते हैं।
आवेदनों को विदेश, गृह और खेल मंत्रालयों से मंजूरी की आवश्यकता होगी क्योंकि पाकिस्तान भारत की प्राथमिकता संदर्भ सूची (PRC) में है। बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया कि, 'पाकिस्तानी मीडिया के लिए वीजा आवेदनों को सुविधाजनक बनाया जा रहा है।'
पीसीबी के एक सूत्र ने कहा कि, 'यह चिंताजनक है कि मीडिया और प्रशंसकों को अभी तक वीजा नीति के बारे में सूचित नहीं किया गया है, क्योंकि पाकिस्तान पहले ही दो वार्म-अप खेल चुका है और छह दिनों में अपना पहला विश्व कप टूर्नामेंट खेलेगा।
सूत्र ने भेजे गए ईमेल का हवाला देते हुए कहा कि, 'पीसीबी को उम्मीद है कि आईसीसी और अन्य संबंधित अधिकारी इस मामले में तेजी लाएंगे क्योंकि पाकिस्तान के प्रशंसकों और पत्रकारों के बीच चिंता बढ़ रही है जो आईसीसी सीडब्ल्यूसी 2023 में अपनी टीम का समर्थन और कवरेज करना चाहते हैं।'












Click it and Unblock the Notifications