नजम सेठी ने जय शाह को सुनाया पाकिस्तान का फैसला, कहा- वर्ल्ड कप के लिए हम भी नहीं जाएंगे भारत
बहरीन में बीसीसीआई सचिव जय शाह और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष नजम सेठी की मुलाकात हुई, जहां नजम सेठी ने यह साफ कह दिया कि पाकिस्तान की टीम भी 2023 विश्व कप के लिए भारत का दौरा नहीं करेगी।

एशिया कप 2023 में खेलने के लिए पाकिस्तान की यात्रा नहीं करने के फैसले पर भारत लगातार बना हुआ है। शुक्रवार को बहरीन में आयोजित एशियाई क्रिकेट काउंसिल की अहम मीटिंग में भी बीसीसीआई सचिव जय शाह ने यह स्पष्ट रूप से कह दिया कि एशिया कप 2023 में खेलने के लिए भारतीय टीम बिल्कुल भी पाकिस्तान की यात्रा नहीं करेगी। ऐसे में इस टूर्नामेंट को या तो कहीं और शिफ्ट किया जाए या फिर भारत के मैच किसी तटस्थ स्थान पर कराए जाएं। बता दें कि जय शाह एशियाई क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष भी हैं। ऐसे में उनका इस रूख पर कायम रहना कहीं न कहीं पाकिस्तान के लिए मुसीबत बना हुआ है।
2023 वर्ल्ड कप के लिए हम भारत नहीं जाएंगे- नजम सेठी
इस बीच पाकिस्तान ने भी भारत के अड़ियल रूख पर अपने सख्त तेवर दिखाए हैं। दरअसल, पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से यह खबर है कि पीसीबी प्रमुख नजम सेठी ने बहरीन में जय शाह से मुलाकात की है और भारत के रूख पर पाकिस्तान के फैसले से उन्हें अवगत कराया है। इस मुलाकात के दौरान नजम सेठी ने जय शाह से कहा है कि अगर आप पाकिस्तान में आकर नहीं खेलते हैं तो हम भारत में भी नहीं खेलेंगे। नजम सेठी ने स्पष्ट कहा है कि 2023 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की टीम भारत नहीं जाएगी।
रमीज राजा ने भी लिया था यही फैसला
आपको बता दें कि नजम सेठी से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष रमीज राजा ने भी यही फैसला लिया था कि अगर भारतीय टीम एशिया कप 2023 के लिए पाकिस्तान नहीं आएगी तो फिर वर्ल्ड कप के लिए पाकिस्तान की टीम भी भारत की यात्रा नहीं करेगी। रमीज राजा के ऐसे बयानों के बाद ही उन्हें पीसीबी अध्यक्ष के पद से हटा दिया गया था। रमीज राजा के बाद नजम सेठी पीसीबी के अध्यक्ष बने और उन्होंने शुरुआत में यही कहा था कि यह फैसला सरकार करेगी।












Click it and Unblock the Notifications